आगरालीक्स.. आगरा के स्कूल प्रबंधन फीस देने में असमर्थ पैरेंटस के प्रार्थना पत्र लेकर विचार करें, निर्णय लें और बताएं, आनलाइन क्लास और परीक्षाओं पर रोक नहीं लगा सकते हैं।
अभिभावक एसोसिएशन पापा के पदाधिकारियों ने गुरुवार को डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन किया, अपनी मांगों को लेकर डीआईओएस को ज्ञापन सौंपा। डीआइओएस रवींद्र सिंह ने आदेश जारी किए हैं कि अभिभावक संघ ने शिकायत की है कि शुल्क के अभाव में कुछ छात्रों को आनलाइन शिक्षण से वंचित कर दिया गया है, जो गलत है, ऐसा न किया जाए। इन निर्देशों का पालन न करने वाले स्कूलों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही शुल्क आदि से जुड़ी कोई शिकायत होने पर अभिभावक उप्र स्ववित्त पोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) के अंतर्गत जिला शुल्क नियामत समिति के सामने अपनी शिकायत कर सकते हैं, जिस पर समिति को एक हफ्ते में निर्णय लिया जाएगा। फीस देने में असमर्थ अभिभावकों के प्रार्थना पत्र लेकर उन पर स्कूल विचार करें और उस पर क्या निर्णय लिया गया, अभिभावकों को उससेे अवगत कराएं। रजिस्ट्रेशन शुल्क लेकर छात्रों का बोर्ड परीक्षा आवेदन पत्र भरवाया जाए और किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा से वंचित न किया जाए, न उनका नाम काटा जाए।
समर्थ अभिभावकों से फीस जमा करने की अपील
डीआइओएस ने इसी पत्र में उन अभिभावकों से भी अपील की, जो नियमित रुप से वेतन प्राप्त करने के बाद भी फीस जमा नहीं कर रहे। इससे स्कूलों को शिक्षक व कर्मचारियों का वेतन भुगतान करने में दिक्कत आ रही है। लिहाजा वह मासिक शुल्क जमा कराएं।