आगरालीक्स.. आगरा में कोहरे का कहर, पटाखे से झुलसी रीता बहुगुणा की पौत्री की मौत, आगरा सहित देश दुनिया की अभी तक की खबरें.
पटाखे से झुलसी रीता बहुगुणा की पौत्री की मौत
भाजपा की प्रयागराज से सांसद रीता बहुगुणा जोशी की छह वर्षीय पौत्री की दीपावली की रात पटाखे से झुलसने के बाद मौत हो गई। रीता बहुगुणा के बेटे मयंक जोशी की बेटी रिया को पटाखे से झुलसने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। झुलसी बच्ची को आज इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जाना था।
गुलनाज को जिंदा जलाने वाला गिरफ्तार
बिहार के हाजीपुर जिले के वैशाली में छेड़खानी का विरोध करने पर जिंदा जलाई गई गुलनाज मामले में आज 17 दिन बाद पहली गिरफ्तारी हुई। तीस अक्टूबर की रात को वैशाली के कुछ दबंगों ने छेड़खानी का विरोध करने पर गुलनाज को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी चंदन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस ताबड़तोड़ छापे मार रही है।
दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो आतंकवादियों को गिरफ्तार कर दिल्ली को दहलाने की साजिश को नाकाम कर दिया। दोनों आतंकवादी जैश-ए- मोहम्मद से संबंधित बताए जा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इन दोनों आतंकवादियों के बारे में पुलिस को इनपुट मिला था। इसके बाद पुलिस ने कल देर रात इन दोनों को हथियारों समेत पकड़ने में कामयाबी मिली।
चार माह में सबसे कम संक्रमित
पिछले कुछ दिनों से देश में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में देश में 29,163 नये संक्रमित सामने आए हैं। 14 जुलाई के बाद देश में कोरोना संक्रमण के एक दिन में सबसे कम मामले हैं। देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 88,74,290 तथा कुल मृतक संख्या 1,30,519 हो गई है। देश में रिकवर होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। देश में रिकवरी रेट 93.42 फीसदी हो गई है।
दिल्ली में बढ़ा कहर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। इसके मद्देनजर दिल्ली सरकार ने शादियों में मिली छूट को वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि हमने शादी समारोह में दो सौ लोगों के शामिल होने की इजाजत वापस ले ली है। अब सिर्फ पचास लोग ही शादियों में शामिल हो सकेंगे। दिल्ली सरकार कोरोना को लेकर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी, जिसमें नियमों का उल्लंघन और सामाजिक दूरी का पालन न होने की स्थिति में दिल्ली के भीड़भाड़ वाले बाजारों को अस्थाई रूप से बंद करने की इजाजत मांगी जाएगी।