आगरालीक्स… आगरा में आज देवोत्थान पर्व के साथ ही शादी-विवाह, गृह प्रवेश समेत सभी शुभ कार्य शुरू हो गए हैं। मैरिज होम, धर्मशालाओं में गिने-चुने लोग नजर आ रहे हैं, वहीं सड़कों पर वाहनों के कारण सुबह से ही कई स्थानों पर जाम लगना शुरू हो गया है। शाम को यह समस्या और गहरा सकती है।
कोरोना को लेकर लगे लॉकडाउन के बाद मिली छूट का देवोत्थान का यह पहला सबसे बड़ा सहालग है, जिसमें शादी समारोह आयोजित करने की सशर्त अनुमति दी गई है। लॉकडाउन के समय टाली गई शादियां भी इस अनबूझ साये में की जा रही हैं, जिसे देखते हुए बाजारों और सड़कों पर आज सुबह से ही वाहनों का रेला नजर आया। घने बाजारों में भी लोगों की खास भीड़ रही। शाम को बाजारों में और ज्यादा भीड़ होने के साथ सड़कों पर जाम की संभावना है।
दूसरी ओर मैरिज होम, होटल, धर्मशाला आदि जहां शादी समारोह आयोजित किए जा रहे हैं, वहां शादी की रौनक उतनी नहीं दिखाई दे रही है, जितनी होनी चाहिए। लोग शादी समारोह स्थल पर आने के साथ तुरंत चले भी जा रहे हैं, जिससे एक समय में लोगों की उपस्थिति ज्य़ादा दिखाई नहीं दे।
कोविड-19 के संक्रमण के खतरे को देखते हुए शासन-प्रशासन की गाइड लाइन का पालन करने की आयोजकों द्वारा पूरी कोशिश की जा रही है। बैंड-बाजे, हलवाई के साथ परिवार के लोग भी इसे लेकर सजगता बरत रहे।
दूर के रिश्तेदार बना रहे हैं दूरी
शादी समारोह में रिश्तेदारों की उपस्थिति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लेकिन इस बार कोविड संक्रमण के खतरे को देखते हुए दूर के रिश्तेदार तो आने से बच रहे हैं। खानदान के लोगों के साथ खास लोग ही शादी में शरीक हो रहे हैं।
वाट्सएप कॉलिंग से बधाई
शादी समारोह में जो लोग आने से बच रहे हैं, वह दूल्हे और दुल्हन को वाट्सएप के जरिये देखकर बधाई भी दे रहे हैं। साथ ही शादी में आने में असमर्थता जता रहे हैं। इस बार विवाह पक्ष के लोग भी ज्यादा किसी पर दबाव नहीं बना रहे हैं।