आगरालीक्स..गुजरात में कोविड अस्पताल में आग, पांच कोरोना मरीजों की मौत। यमुना एक्सप्रेस वे पर किसानों ने लगाया जाम, आगरा सहित देश दुनिया की अभी तक की खबरें.
मिग-29-के समुद्र में गिरा
भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान मिग-29-के आज समुद्र में गिरकर क्रैश हो गया। वायुसेना का यह प्रशिक्षु विमान कल शाम पांच बजे अरब सागर के ऊपर उड़ान भर रहा था, तभी दुर्घटनाग्रस्त होकर समुद्र में गिर गया। हादसे में एक पायलट को बचा लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। नौसेना ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
कोविड अस्पताल में भीषण आग, पांच की मौत
गुजरात के राजकोट स्थित एक कोविड अस्पताल में लगी भीषण आग से पांच कोविड मरीजों की झुलसकर मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक उक्त अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित तीस मरीजों बचा लिया गया है। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। गुजरात में इससे पहले भी अहमदाबाद के एक कोविड अस्पताल में आग लगने की घटना हो चुकी है।
93 लाख पार हुए संक्रमित
देश और दुनिया में कोरोना कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। भारत में रोजाना के आंकड़ों में जरूर कमी आई है लेकिन महाराष्ट्र, दिल्ली और गुजरात में कोरोना की स्थित बिगड़ती जा रही है। बीते 24 घंटों में 43,083 नए संक्रमितों के सामने आने के बाद देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 93 लाख पारकर 93,09787 हो गया है। इसी अविधि में 492 मरीजों की मौत के साथ देश में अब तक क 1,35, 235 मरीजों की मौत हो चुकी है। अब तक 86,79 138 मरीज कोरोना को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं।
यूपी पुलिस ने ईनामी को ढेर किया
उत्तर प्रदेश पुलिस ने वाराणसी और आजमगढ़ में दो ईनामी बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। वाराणसी पुलिस ने एक लाख के ईनामी बदमाश रोशन गुप्ता उर्फ किट्टू को मार गिराया। किट्टू पर वाराणसी तथा आसपास के जिलों में तीन दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। आजमगढ़ में पुलिस ने तीन लाख के ईनामी बदमाश सूर्यांश दुबे को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। सूर्यांश पर हाल ही में दलित ग्राम प्रधान सत्यदेव जयते की नृशंस हत्या समेत एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।