आगरालीक्स…पाइपलाइन डालने के लिए दो माह के लिए किया रास्ता बंद. अब दीपावली से रुका पडा है काम. लोग परेशान.
पुरानी मंडी मार्ग है बंद
शहर में गंगाजल की पाइपलाइन डालने का काम किया जा रहा है. अक्टूबर माह के अंतिम दिनों में विक्टोरिया पार्क से पुरानी मंडी तक जाने वाले मार्ग को गंगाजल की लाइन बिछाने के लिए बंद किया गया. जल निगम की ओर से ऐलान किया गया कि इस रास्ते पर तेजी से काम होगा जिसके लिए करीब दो माह तक रास्ता बंद कर दिया गया. लेकिन दीपावली के एक दिन पहले से इस मार्ग पर काम को बंद कर दिया गया. अब काम को बंद हुए एक माह से अधिक का समय हो गया है लेकिन काम दोबारा कब शुरू होगा और कब पाइपलाइन डाली जाएंगी, इसका कोई पता नहीं है.पर्यटन से जुडे लोगों का कहना है कि रास्ता बंद होने के कारण पर्यटकों को भी भटकना पड़ रहा हैं, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है.
रास्ता बंद होने से हजारों लोग परेशान
पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क तक का रास्ता बंद होने से ताजगंज क्षेत्र के रहने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना झेलना पड रहा है. उन्हें माल रोड होकर काफी घूमकर हाथीघाट के लिए जाना पड रहा है. रास्ता बंद होने के कारण लोगों को कई किलो मीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है. सबसे ज्यादा परेशानी स्थानीय लोगों को हो रही है, उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पाइपलाइन डालने का काम पूरा किया जाए और इस रोड को पब्ल्कि के लिए खोला जाए.
पाइपलाइन के अंदर से निकल रहीं बाइक
चार पहिया वाहन चालकों को तो घूमकर जाना पड रहा है लेकिन दोपहिया वाहन चालक गंगाजल के लिए लाए गए पाइपों के अंदर से अपनी बाइक को निकालकर ले जा रहे हैं. आगरालीक्स ने एक दिन पहले ही इस खबर का प्रमुखता से पब्लिश भी किया है. कुछ बच्चे बाइक निकालने के लिए यहां पर लोगों से दस से बीस रुपये भी ले रहे हैं. पाइपलाइन से बाइक निकालना खतरनाक है और इससे कभी भी हादसा भी हो सकता है लेकिन जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है.