आगरालीक्स… सूर्य के आज उत्तरायण में प्रवेश करने के साथ ही मकर संक्रांति का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह लोगों ने स्नान कर सूर्य और श्रीहरि की आराधना की। दान-पुण्य किया गया। कई स्थानों पर पतंगोत्सव व खिचड़ी भोज आयोजित किए गए।
दान-पुण्य किया
मकर संक्रांति का पर्व आज उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के काफी लोग गंगा स्नान के लिए भी गंगाघाटों पर रात को अथवा तड़के रवाना हो गए। सुबह लोगों ने स्नान-ध्यान कर सूर्य को जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। इसके बाद गुड़, गजक, तिल, मूंग, गर्म वस्त्र आदि का दान किया गया। दान करने का आज शुभ मुहूर्त सुबह साढ़े साठ बजे से शाम 5.46 बजे तक है।
पतंग उड़ाईं
दिन में धूप निकलने के कारण मौसम सुहाना होने पर दोपहर से ही बच्चों और युवाओं ने पतंगों को भी उड़ाना शुरू कर दिया था। शाम को यमुना किनारा समेत कई स्थानों पर पतंगबाजी का आयोजन किया गया। पतंगों में इस बार कोरोना से बचाव के संदेश लिखे हुए भी दिखाई दिए। सूर्य के दक्षिणायन से उत्तरायण में आने के साथ ही आज से शुभ कार्य भी शुरू हो गए हैं। लोगों का कहना है कि आज शुभ कार्य शुरू होने से बाजार में भी रौनक आने की उम्मीद है। तमिल समाज द्वारा आज पोंगल त्योहार मनाया गया, जबकि असम में बिहू पर्व मनाया गया।