नईदिल्लीलीक्स… फतेहपुर में रातों-रात सड़क से मजार हटाई। ममता बनर्जी का चुनाव प्रचार आज से। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
फतेहपुर में सड़क से मजार हटाई
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा सड़क के आसपास मौजूद सभी धार्मिक स्थलों को हटाए जाने का अभियान शुरू हो गया है। बाराबंकी की तहसील फतेहपुर में सड़क के बीच में बनी पकरिया के पेड़वाली मजार को आधीरात को हटा दिया गया है। यह मजार ईदगाह मैदान में शिफ्ट कर दी गई है।
ममता आज से व्हीलचेयर पर करेंगी प्रचार

पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज से व्हीलचेयर पर चुनाव प्रचार करेंगी। नंदीग्राम में कथित हमले में घायल होने के बाद आज सार्वजनिक रूप से दिखाई देंगी। सीएम ममता बनर्जी कोलकाता में गांधी मूर्ति से लेकर हजारा रोड तक रोड शो करेंगी। बाद में हजारा में एक सभा को संबोधित करेंगी।
और बढ़े कोरोना संक्रमित
देश में कोरोना संक्रमित संक्रमितों का दैनिक आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। बीते 24 घंटों में 25,317 नए कोरोना संक्रमित मामले सामने आए हैं। ढाई महीने बाद देश में एक दिन में 25 हजार से ज्यादा संक्रमित सामने आए हैं। 24 घंटों में 158 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। देश में कोरोना संक्रमित कुल मामले एक करोड़ 13 लाख 59 हजार 45 हो गए हैं। अब तक एक लाख 50 हजार 604 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।
अंतरिक्ष यात्रियों ने किया स्पेस वॉक
अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने दो अंतरिक्ष यात्रियों माइक हॉपकिंस और विक्टर ग्लोवर जूनियर का एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में चहलकदमी करते हुए दिखाया गया है। एक मिनट के इस वीडियों में दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेस स्टेशन छोड़ते हुए दिखाया गया है। नासा के मुताबिक दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने दूसरी बार स्पेस वॉक किया है।