नईदिल्लीलीक्स (Agra News 18th May).. कोरोना का इलाज और जागरूकता कर रहे पदमश्री डॉ केके अग्रवाल का निधन हो गया, 28 अप्रैल को कोरोना संक्रमित होने के बाद एम्स में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार रात को पदमश्री डॉ केके अग्रवाल ने अंतिम सांस ली।
62 साल के दिल्ली निवासी आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, हार्ट केयर फाउंडेशन के प्रमुख ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ केके अग्रवाल को 2010 में पदमश्री से सम्मानित किया गया था। कोरोना की पहली लहर और दूसरी लहर में वे लोगों को वीडियो के माध्यम से बचाव और इलाज के लिए जागरूक कर रहे थे। देश में बेड और आक्सीजन की कमी हुई तो पदमश्री डॉ केके अग्रवाल ने वीडियो के माध्यम से लोगों को घर पर रहकर इलाज करने की ट्रेनिंग दी।
28 अप्रैल को हुए थे कोरोना संक्रमित
पदमश्री डॉ केके अग्रवाल ने 28 अप्रैल को कोरोना संक्रमित होने की जानकारी टवीट कर दी थी। इसके बाद भी उन्होंने लोगों को वीडियो के माध्यम से जागरूक किया। तबीयत बिगडने पर उन्हें एम्स ट्रामा सेंटर, दिल्ली में भर्ती किया गया। वे आईसीयू में थे, तीन दिन पहले तबीयत बिगडने पर वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
वैक्सीन की दोनों डोज लगी, सोमवार रात को निधन
पदमश्री डॉ केके अग्रवाल ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली थी,उन्हें दो महीने पहले वैक्सीन की दूसरी डोज लग गई थी। एम्स में इलाज के दौरान सोमवार रात 11. 30 बजे अंतिम सांस ली। यह देश के लिए बडी क्षति है, डॉ केके अग्रवाल ने कोरोना काल में तमाम लोगों का हौसला बढाया, उन्हें जागरूक किया और घर पर रहकर इलाज करने की टिप्स दीं।
