आगरालीक्स ..(Agra News 4th July) आगरा के होटल में डॉक्टर दंपति के बेटे ट्रेनी आईपीएस की सगाई में कैश और ज्वैलरी से भरा बैग चोरी, सगाई की वीडियोग्राफी में दो चोर कैद, पुलिस जांच में जुटी।
आगरा में डिफेंस एस्टेट, सदर निवासी अभिनव त्यागी ट्रेनी आईपीएस हैं, हैदराबाद में ट्रेनिंग चल रही है। उनके पिता डा राकेश त्यागी और मां डा सविता त्यागी का सदर में ईश्वर नर्सिंग होम है। शनिवार को ट्रेनी आईपीएस की सगाई का कार्यक्रम होटल ग्रांड स्टेशन रोड में रखा गया।
डॉ सविता त्यागी शोर मचाती रह गईं, बैग ले भागे दो चोर
होटल ग्रांड में ट्रेनी आईपीएस अभिनव त्यागी की सगाई हुई। सगाई के बाद परिवार के लोग फोटो कराने लगे। डॉ सविता त्यागी पर ज्वैलरी और कैश से भरा हुआ बैग लगा था, वे बैग रख दिया और फोटो कराने के लिए स्टेज पर जाने लगीं। उसी दौरान दो युवकों ने बैग उठा लिया और बैग लेकर जाने लगे, डॉ सविता त्यागी ने शोर मचाया लेकिन तब तक चोर भाग चुके थे।
होटल के सीसीटीवी खराब, वीडियोग्राफी में दिखाई दिए युवक
बैग चोरी होने पर होटल ग्रांड के सीसीटीवी चेक किए गए लेकिन सीसीटीवी खराब थे। सगाई समारोह की वीिडियोग्राफी हो रही थी, उसे चेक किया गया तो दो युवक बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिए। होटल के बाहर लगे सीसीटीवी में भी दो युवक बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। सदर के थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, चोरों को पकडे के प्रयास किए जा रहे हैं।