मथुरालीक्स…गजब प्यार, प्रेमिका से शादी करने के लिए 45 डिग्री तापमान में 160 फीट ऊंचे एफएम टावर पर चढ़ा 19 साल का युवक. इंस्टाग्राम पर लाइव आकर रखी अपनी बात…4 घंटे तक बैठा रहा
मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में गजब प्यार की अजब हरकत सामने आई है. यहां एक 19 साल का युवक प्रेमिका से शादी करने की मांग को लेकर 160 फीट ऊंचे आकाशवाडी परिसर में लगे एफएम टावर पर चढ़ गया. युवक करीब 4 घंटे तक टावर पर बैठा रहा और इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपनी बात रखता रहा. अपने बेटे को टावर पर चढ़ा देख मां बेहोश हो गई.19 साल के इस युवक का नाम प्रदीप है जो कि बुधवार सुबह करीब सवा 11 बजे अचानक टावर पर चढ़ गया. शुरुआत में तो लोगों को इसकी जानकारी नहीं हुई लेकिन इंस्टाग्राम पर युवक के लाइव आने और टावर पर चढ़े होने की जानकारी होते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. युवक के माता पिता नीचे खड़े होकर बेटे से उतरने की गुहार लगाते रहे. मां बेटे को टावर पर देखते ही बदहवास हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. लाउडस्पीकर से युवक को समझाने का प्रयास किया गया. किसी अनहोनी से बचने के लिए नीचे जाल और गदृे भी लगाए गए. युवक करीब चार घंटे तक टावर पर बैठा रहा. काफी समझाने के बाद युवक नीचे उतरा.
लोगों ने बताया कि प्रदीप के पिता सब्जी बेचते हैं और परिवार किराए के मकान में रहता है. करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती ग्वालियर की रहने वाली एक युवती से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई. युवती के परिजन शादी के खिलाफ बताए जा रहे हैं.