आगरालीक्स….आगरा में स्कूल बंद रखने के आदेश आज फिर हुए जारी. भीषण गर्मी, हीट वेव के कारण एक सप्ताह तक रहेंगे बंद…आदेश न मानने पर होगा एक्शन
भीषण गर्मी और लू को लेकर जारी अलर्ट के बीच प्रशासन ने एक बार फिर से स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं. मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताह में गर्मी का रेड व यलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में आगरा प्रशासन की ओर से सभी निजी, आईसीएसई, सीबीएसई, मदरसा बोर्ड सहित सभी बोर्डों के स्कूलों को 21 मई से एक सप्ताह तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं.
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेशों के तहत जनपद के समस्त राजकीय/अशासकीय सहायता प्राप्त/वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालय/परिषदीय विद्यालयों में 20 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश जारी कर दिया गया है. इसी क्रम में मौसम विज्ञान विभाग के द्वारा दी गयी हीट वेव / अत्यधिक तापमान / प्रतिकूल मौसम की चेतावनी के दृष्टिगत जिलाधिकारी द्वारा जनपद के समस्त बोर्ड से मान्यता- प्राप्त कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों को अगले एक सप्ताह तक बन्द रखे जाने के आदेश प्रदान किये गये हैं. अतः जनपद आगरा के आईसीएसई सीबीएसई, मदरसा बोर्ड व अन्य बोर्ड मान्यता प्राप्त प्री-प्राइमरी से कक्षा - 12 तक के प्रबन्धक / प्रधानाचार्यों को आदेशित किया जाता हैं कि मौसम विज्ञान विभाग के द्वारा दी गयी हीट वेब / अत्यधिक तापमान / प्रतिकूल मौसम की चेतावनी के दृष्टिगत अपने-अपने विद्यालयों में आगामी एक सप्ताह (दिनांक 21.05.2026 से) तक अवकाश करना सुनिश्चित करें. जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देशों के बावजूद यदि कोई विद्यालय संचालित पाया जाता है तो उसके विरूद्ध नियमानुसार कठोर दण्डात्मक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी, जिसके लिए सम्बन्धित संस्था अधिकारी व्यक्गित रूप से उत्तरदायी होंगे.
