अलीगढ़लीक्स….स्कूटी चला रही युवती के गले में लिपटा चाइनीज मांझा. अनियंत्रित होकर पुल से गिरी. बुरी तरह से हुई लहूलुहान
अलीगढ़ में एक स्कूटी सवार युवती चाइनीज मांझा की चपेट में आने से लहूलुहान होकर पुल पर गिर पड़ी. युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सरकार की ओर से चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध है लेकिन इसके बावजूद अलीगढ़ में इसकी बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है. यह मांझा पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है.
मकर संक्रांति को लेकर पतंगें उड़ाई जा रही हैं लेकिन पतंगबाज चाइनीज मांझे का प्रयोग कर रहे हैं. बुधवार को अलीगढ़ के थाना क्वार्सी में रामघाट रोड पर एक युवती इसकी चपेट में आकर घायल हो गई. सासनीगेट के जयगंज पीपल वाली गली में रहने वाले रिंकू माहेश्वरी की बेटी अक्षरा माहेश्वरी कोचिंग के लिए स्कूटी से गई थी. वापसी में मीनाक्षी पुल से गुजरते समय अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में लिपट गया जिससे वो अनियंत्रित हो गई और बुरी तरह से घायल होकर गिर गई. राहगीरों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है.