आगरालीक्स…आगरा कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026—27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू. गुरुवार से काउंसिलंग
आगरा कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गयी है। गुरुवार को स्नातक(यूजी) और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया को काउंसलिंग होगी। कॉलेज की ओर से इसके लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित माहौल के लिए प्रसिद्ध इस संस्थान में विभिन्न विषयों की काउंसिलिंग शुरू हो चुकी है। उनके अनुसार काउंसलिंग के निर्धारित कार्यक्रम में जो अभ्यर्थी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होंगे, उनका प्रवेश का अवसर समाप्त माना जा सकता है। प्रवेश के लिए आने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित अभिलेखों की मूल प्रतियां और छायाप्रति लाना अनिवार्य है। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के अंकपत्र, पहचान पत्र (जैसे सरकारी आईडी), जाति/श्रेणी प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना होगा। कॉलेज के मीडिया प्रभारी प्रो. गौरव कौशिक ने बताया कि जिन पाठ्यक्रमों में अभी पंजीकरण खुला है, उनके लिए छात्र विश्वविद्यालय पोर्टल और कॉलेज की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
25 जून को होने वाली प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल
प्राचार्य प्रो. गौतम के अनुसार, गुरुवार 25 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक निम्नलिखित विभागों में चयनित अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
बीकॉम : चयनित अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग सीधे बी.कॉम. विभाग में होगी।
बीबीए, बीबीए लॉजिस्टिक्स और बीसीए : पाठ्यक्रमों के अभ्यर्थियों को अतिथिगृह परिसर में उपस्थित होना होगा।
बीएससी बायोटेक्नोलॉजी : छात्रों को बायोटेक्नोलॉजी विभाग में रिपोर्ट करना होगा।
पीजीडीजे(पत्रकारिता) : अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया पत्रकारिता विभाग में संपन्न होगी।