आगरालीक्स…आगरा के मेट्रो स्टेशन होंगे बहुत खास. चप्पे चप्पे पर होंगी CCTV की निगरानी, AI तकनीक से होंगे लैस…जानें कितना खास होंगे आगरा के मेट्रो स्टेशन
आगरा मेट्रो की यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा स्टेशनों की निगरानी हेतु अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है। ये सीसीटीवी कैमरे स्टेशनों की निगरानी के साथ संदिग्ध अथवा किसी अप्रिय स्थिति की पहचान कर खुद ही स्टेशन कंट्रोलर सहित अन्य मेट्रो अधिकारियों को इसकी सूचना देंगे।
अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक पर आधारित ये सीसीटीवी कैमरे बेहद इंटेलिजेंट होंगे। शहर में मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद स्टेशन परिसर के किसी भी हिस्से में यदि कोई वस्तु लावारिस पड़ी दिखाई देगी और कुछ मिनट तक उस वस्तु को लेने कोई नहीं आएगा तो ये कैमरे खुद ही स्टेशन कंट्रोलर को इसकी सूचना देंगे। इसके साथ ही ये इंटेलिजेंट कैमरे यात्रियों के संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखेंगे। यदि इन कैमरों को कुछ भी दिखाई देने पर ये तुरंत मेट्रो स्टाफ को इसकी सूचना देंगे।
यात्री सेवा के दौरान आगरा मेट्रो के स्टेशनों पर लगे ये सीसीटीवी कैमरे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर बनी पीली रेखा का पार न करें। यदि कोई भी व्यक्ति इस पीली रेखा को पार कर ट्रैक की ओर बढ़ने की कोशिश करेगा तो ऐसे स्तिथि में ये कैमरे तुरंत मेट्रो स्टाफ को इसकी सूचना देंगे।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गठित यूपी पुलिस का विशेष सुरक्षा बल आगरा मेट्रो की सुरक्षा करेगा। इसके साथ ही आगरा मेट्रो के सभी स्टेशन एवं ट्रेनों में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। आगरा मेट्रो के सभी परिसर व स्टेशनों पर भी कोई ऐसी जगह नहीं होगी जो सीसीटीवी कैमरे की ज़द में न हो। इसके साथ ही आगरा मेट्रो के सभी स्टेशन पर महिलाओं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए महिला सुरक्षाकर्मी एवं हाउसकीपिंग स्टाफ की तैनाती की जाएगी।
गौरतलब है कि ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा। जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे।