आगरालीक्स…आगरा में कोरोना की चपेट में इस बार युवा भी. 32 प्रतिशत युवा हर रोज हो रहे कोरोना पॉजिटिव. बच्चों की संख्या भी बढ़ी. क्या लापरवाही बन रही वजह…
इस बार हर वर्ग को चपेट में ले रही महामारी
आगरा में कोरोना का कहर अब हर वर्ग को अपनी चपेट में ले रहा है. पिछले साल जहां कोरोना संक्रमण का अधिक कहर बीमार लोगों और बुजुर्गों को हो रहा था तो वहीं इस बार कोरोना की लहर में युवा भी इस संक्रमण की चपेट में तेजी से आ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को कुल मिले संक्रमितों में से 32 प्रतिशत ऐसे युवा शामिल हैं जिनकी उम्र 30 से कम है. इसके अलावा 6 साल के बच्चे सहित करीब 18 साल से उम्र के करीब 20 बच्चे भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं.
लापरवाही बन रही वजह
सीएमओ आरसी पांडे का कहना है कि कोरोना संक्रमण में इस बार युवाओं के अधिक चपेट में आने का कारण लापरवाही बरतना ही है. युवाओं को खुद आगे आकर जिम्मेदारी को समझना होगा और कोविड नियमों का पालन करना होगा. अगर वो खुद मास्क पहनेंगे, सोशल डिस्टेंसिंग रखेंगे और कोविड गाइडलाइंस का पालन करेंगे तो इससे न सिर्फ वो बल्कि उनके घर में मौजूद बच्चे और बुजुर्ग भी सुरक्षित रहेंगे.