आगरालीक्स… आगरा में नाइट कर्फ्यू के दौरान चोरी की बड़ी वारदात. ज्वैलरी शोरूम के ताले चटकाकर 40 लाख के आभूषण चोरी
ज्वैलरी शोरूम के चटकाए ताले
आगरा में नाइट कर्फ्यू के दौरान चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. शुक्रवार सुबह नाइट कर्फ्यू खत्म होने से डेढ़ घंटे पहले बदमाशों ने थाना सदर स्थित एक ज्वैलरी शोरूम के ताले चटका दिए. चोर यहां से 25 लाख के चांदी के बर्तन और 15 लाख रुपये के सोने के जेवरात चोरी कर ले गए. जानकारी के अनुसार ताजगंज क्षेत्र में रहने वाले रोहित फाैजदार का थाना सदर स्थित राजपुर चुंगी पर इंफ्रैंटी लाइन पुलिस चौकी के पास एमएल ज्वैलर्स के नाम से शोरूम है. शुक्रवार सुबह जब रोहित शोरूम खोलने के लिए यहां पहुंचे तो उन्हें दुकान के ताले चटके हुए मिले. इस पर उन्होंने दुकान के अंदर चेक किया तो चांदी के बर्तन और सोने के आभूषण चोरी थी.
सूचना पर पहुंची पुलिस
ज्वैलरी शोरूम में चोरी की सूचना पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी चेक किए तो पता चला एक व्यक्ति रिक्शे से आता है और फिर वहां से चला जाता है. थोड़ी देर बाद वह दोबारा आता है और शोरूम के ताले चटका कर अंदर घुस जाता है और यहां से सामान चोरी कर ले जाता है. बदमाश ने चोरी की वारदात नाइट कर्फ्यू खत्म होने से डेढ़ घंटे पहले यानी साढ़े चार बजे अंजाम दिया. पुलिस सीसीटवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश कर रही है. रोहित फौजदार के अनुसार चोर दुकान के अंदर से 25 लाख रुपये के चांदी के बर्तन और करीब 15 लाख के सोने के आभूषण चोरी कर ले गया है. घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है.
व्यापारियों ने पुलिस की गश्त पर उठाए सवाल
नाइट कर्फ्यू के दौरान ज्वैलरी शोरूम से 40 लाख की चोरी की घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है. उन्होंने पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि शोरूम से 50 मीटर की दूरी पर ही पुलिस चौकी है. इसके बावजूद चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया जाता है. पुलिस नाइट कर्फ्यू में कितनी सजग है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है.