आगरालीक्स ….आगरा के मिशनरी स्कूलों की फीस, स्कूल बैग की मनमानी के लिए अभिभावकों ने 172 पन्नों में साक्ष्य सौंपे हैं, इसमें फीस स्लिप से लेकर किताब कॉपी का ब्योरा भी है। इसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आगरा के मिशनरी स्कूलों में मनमानी फीस बढ़ाने के साथ ही स्कूल बैग, यूनीफार्म के लिए जमकर वसूली की गई। अभिभावकों के विरोध करने के बाद बीएसए द्वारा पांच स्कूलों को नोटिस दिया गया। नोटिस के जवाब में स्कूल के प्रिंसिपल ने कह दिया कि कोई मनमानी नहीं की गई है। इसके बाद अभिभावकों से स्कूलों पर मनमानी के लगाए गए आरोप के मामले में सबूत मांगे गए।
172 पन्नों में दिए गए सुबूत
इस मामले में अभिभावकों ने शुक्रवार को बीएसए जितेंद्र कुमार गौड़ से मिले, उन्होंने स्कूल की फीस स्लिप, किताब कॉपी के रेट, यूनीफार्म के पैसे स्कूल में जमा कराने, कोरोना के समय ली गई फीस से 15 प्रतिशत समायोजित ना करने सहित 172 पन्नों में सुबूत उपलब्ध कराए हैं। इसकी जांच कराई जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।