आगरालीक्स…आगरा में घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत. बचाने आई बहन भी झुलसी
आगरा के बाह स्थित खेरा राठौड़ क्षेत्र में घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. करंट से चिपके भाई को बचाने आई बहन भी करंट से झुलस गई. युवक की मौत से परिजनों ने हंगामा मचा दिया और दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रख दिया. पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज किए जाने का आश्वासन दिया.घटना खेड़ा राठौर के बिरखेपुरा गांव की है. यहां जितेंद्र सिंह नाम का 22 साल का युवक रहता था. घर के रहने वाले मुकेश कुमार ने बताया कि घर के ऊपर से एचटी लाइन गुजर रही है. लाइन हटाने के लिए कई बार बिजली विभाग में शिकायत भी की लेकिन अधिकारी टालमटोल करते रहे. बुधवार सुबह इनका बेटा जितेंद्र घर की छत का प्लास्टर करा रहा था. जैसे ही वह छत से उठा, एचटी लाइन के संपर्क में उसका कंधा आ गया और करंट की चपेट में आने से वह छटपटा कर गिर कर बेहोश हो गया. छत पर मौजूद छोटी बहन मोहिनी उसे बचाने के लिए पहुंची तो वह भी लाइन के संपर्क में आग ई और उसका सिर झुलस गया और गिर पड़ी.
परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से दोनों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया. यहां पर चिकित्सक ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद उन्होंने शव को रखकर हंगामा करना शुरू कर दिया. उन्होेंने जाम लगाने का प्रयास किया. पुलिस को समझाने पर शव को लेकर घर पहुंच गए. पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए, लेकिन परिजनों ने लाइन हटने एवं दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग पूरी होने तक शव नहीं हटने दिया. आखिर में अधिशासी अभियंता रोहित शर्मा ने जांच और मुआवजे का आश्वासन दिया. हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है.