आगरालीक्स …Agra News: आगरा में विकसित हो रहे ग्रेटर आगरा के टेंडर में खेल, एडीए के अधिशासी अभियंता निलंबित। मंडलायुक्त लखनऊ को सौंपी गई जांच।
आगरा विकास प्राधिकरण यानी एडीए द्वारा यमुना एक्सप्रेस वे व लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे को जोड़ने वाले इनर रिंग रोड पर 434 हेक्टेयर में ग्रेटर आगरा विकसित किया जा रहा है। इसमें 10 टाउनशिप हैं, पहले चरण में दो टाउनशिप के प्लाट के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
अयोग्य कंपनियों की खोल दी फाइनेंशियल बिड
इसी साल अप्रैल में ग्रेटर आगरा की सिंधुपुरम और यमुनापुरम टाउनशिप में आंतरिक विकास यानी सड़क, सीवरेज, वाटर टैंक, डक्ट सहित अन्य काम के लिए टेंडर निकाले गए। सिंधुपुरम के लिए 70 करोड़ और यमुना पुरम में 80 करोड़ से आंतरिक कार्य किए जाने थे। एडीए के अधिशासी अभियंता सिविल का पद रिक्त होने पर अधिशासी अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अनिल कुमार पर चार्ज था। आरोप है कि उन्होंने टेंडर की शर्तों पर खरा ना उतरने वाली अयोग्य कंपनी बालाजी कंस्ट्रक्शन को योग्य दिखाते हुए फाइनेंसियल बिड खोल दी। एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली की अनुमति नहीं ली गई।
ठेकेदार की शिकायत पर खुला मामला
इस मामले की एक अन्य ठेकेदार ने शासन में शिकायत कर दी। शासन ने एडीए उपाध्यक्ष को जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही मिली, टेंडर निरस्त करने के साथ ही दोबारा टेंडर कराया गया। यह टेंडर दूसरी बार में अन्य कंपनियों को मिला।
निलंबित करने के साथ ही लखनऊ मंडलायुक्त को सौंपी जांच
अधिशासी अभियंता विद्युत व यांत्रिक अनिल कुमार को राज्यपाल के आदेश पर प्रमुख सचिव आवास पी. गरु प्रसाद ने ठेकेदारों से दुरभि संधि करते हुए टेंडर कार्य में अनियमितता बरतने, अवकाश स्वीक्रत कराए बगैर मुख्यालय से बाहर रहने, सौंपे गए कार्यों में रुचि नहीं लेने सहित अन्य आरोपों में निलंबित कर दिया है। मंडलायुक्त, लखनऊ के कार्यालय से संबदृध किया गया है जांच मंडलायुक्त लखनऊ को सौंपी गई है।