आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा के निसंतान दंपत्ति ने 70 हजार रुपये में खरीदा चोरी हुआ एक साल का बच्चा. बंदायूं के एक शादी समारोह से बच्चा हुआ था चोरी. पुलिस ने महिला सहित पांच को किया अरेस्ट
बंदायूं में बुधवार रात को एक शादी समारोह से एक साल का मासूम बच्चा अचानक चोरी हो गया था. सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्चे को ले जाती हुई दिखाई दी जिसके पीछे एक युवक भी चल रहा था. बारातघर से निकलकर एक कार में बैठकर सभी चले गए. पुलिस ने इस घटना की जांच की तो पता चला कि बच्चा चोरी करने वाली महिला ने बच्चे को आगरा में रहने वाले एक निसंतान पति पत्नी को 70 हजार रुपये में बेच दिया. पुलिस ने इस मामले में महिला सहित पांच को अरेस्ट किया है.
शादी में चोरी किया था एक साल का बच्चा
बंंदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को एक शादी समारोह चल रहा था. यहां संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र के सिरसा गांव के रहने वाले भूकन सिंह का एक साल का बच्चा शादी समारोह से चोरी हो गया था. इससे शादी समारोह में हड़कंप मच गया. सीसीटीवी चेक किए तो एक महिला बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दी. सीसीटीवी में महिला एक कार में बैठकर जाती हुई दिखी. पुलिस ने इस घटना की जांच के लिए टीम गठित की.
इस तरह चोरी किया बच्चा
पुलिस ने कार के नंबर से जांच की तो कार बुलंदशहर के भोपतपुर में रहने वाले मुनेश के नाम से पंजीकृत निकली. पुलिस ने कार को बरामद कर लिया और मुनेश से पूछताछ की तो मुनेश ने बताया कि बच्चा चोरी करने वाली महिला का नाम खूशबू है जो कि रामनगर थाना छतारी बुलंदहशर की रहने वाली है. मुनेश खूशबू के साथ शादी में गया था. यहां खुशबू शादी में महिलाओं के बीच हपुंच गई. जयमाला कार्यक्रम के दौरान महिलाएं बच्चों को कमरे में सोता छोड़ गई जिसका फायदा उठाकर खुशबू एक साल के बच्चे को उठा लाई. इसके बाद वह बच्चे को लेकर आगरा के थाना सदर की सुखधाम कॉलेनी में रहने वाले अपने परिचित दिनेश के यहां पहुंची.
खुशबू ने रिश्तेदार दिनेश के साथ मिलकर बच्चे को बेचने की योजना बनाई. दिनेश के भाई मुकेश के साले सोनू निवासी मोहल्ला दीवानजी ताजगंज को 70 हजार रुपये में बच्चा बेचने का सौदा तय हुआ. इसमें 20 हजार रुपये एडवांस भी लिए. खुशबू ने खुद को एक अस्पताल की नर्स बताया और बच्चे के कागज बनवाने का भरोसा दिया.
महिला सहित पांच अरेस्ट
पुलिस ने मुनेश को साथ लेकर दिनेश के घर आगरा पहुंची. यहां दिनेश और खूशबू मिले. पुलिस ने दोनेां को पकड़ लिया. पूछताछ में उन्होंने बताया कि बच्चा सोनू और उसकी पत्नी बबली को बेच दिया है. इसके बाद पुलिस सोनू के घर पहुंची तो पुलिस ने यहां से बच्चा बरामद कर लिया. बबली ने बताया कि उसके कोई संतान नहीं थी, इसलिए उसने यह बच्चा खरीदा था. पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाली खुशबू, मुनेश, दिनेश, पूजा पत्नी मुकेश और बबली पत्नी सोनू को अरेस्ट कर लिया है और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है.