आगरालीक्स …Agra News आगरा में ड्रग डिपार्टमेंट की टीम की 24 घंटे से छापेमारी, जो भी थोक दवा की दुकान बंद मिली, दुकान उसके ताले कटर से कटवा दिए। 20 दुकान और 11 गोदामों के ताले तुड़वाकर जांच से खलबली मची हुई है, आज भी टीम जांच में जुटी है। ( Agra Live News: Drug department raid in Wholesale Medicine Market, 20 shops lock broken for investigation )
खाद्य सुरक्षा एवं औषध प्रशासन आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देशन में प्रदेश के 28 ड्रग इंस्पेक्टर की टीमों ने शुक्रवार दोपहर में फव्वारा दवा बाजार में छापेमारी की। टीम ने ऐसी थोक की दुकानों को चिन्हित किया था जो बंद थी और उन दुकानों पर कोई नाम नहीं लिखा था। पूछताछ में जिन दुकानों के संचालकों का पता चल गया उनसे फोन पर संपर्क किया गया। इसके बाद भी कारोबारी नहीं आए तो दुकान का ताला कटर से कटवा कर जांच की गई।
दो दुकानें सील, छापेमारी से खलबली
औषधि विभाग की टीमों ने माहेश्वरी काम्प्लेस, बोहरे राम गोपाल, नबाविया मार्केट, कम्बूटोला सहित फव्वारा दवा बाजार में बंद दुकानों की जांच की। 20 दुकान और 11 गोदामों के ताले काटकर टीम जांच में जुटी रही। दो दुकानों में सैंपल की भी दवाएं मिली हैं इन्हें सील कर दिया गया है। वहीं, कई दुकानों में कार्टन रखे हुए थे, कुछ दुकानों खाली भी थीं इन पर टीम ने अपना ताला लगा दिया है। इन दुकानों को दवा कारोबारियों की मौजूदगी में खोलकर जांच की जाएगी।
टीम की जांच जारी
औषधि विभाग की टीमों की जांच शनिवार को भी जारी रहेगी, टीम को जिन दुकानों में संदिग्ध दवाएं मिली हैं उन्हें सीज किया जाएगा। साथ ही दवा बाजार की अन्य बंद दुकानों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले ड्रग डिपार्टमेंट ने 21 मई को छापेमारी की थी, एक के बाद एक छापेमारी से थोक दवा बाजार की दुकानें बंद रहीं।