आगरालीक्स…आगरा में ईशान कॉलेज के छात्र संजीत सिंह का कामदगिरि क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड में चयन…
ईशान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने एक बार फिर प्लेसमेंट के क्षेत्र में सफलता का परचम लहराते हुए संस्थान का गौरव बढ़ाया है। कॉलेज के छात्र संजीत सिंह का प्रतिष्ठित कंपनी कामदगिरि क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड में चयन हुआ है। इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। संजीत सिंह ने चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में अपने तकनीकी ज्ञान, आत्मविश्वास और व्यावसायिक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल संस्थान को गौरवान्वित किया है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा दी है।इस अवसर पर कॉलेज की मैनेजिंग ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल ने चयनित छात्र को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और संस्थान द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ईशान कॉलेज विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है। चयनित छात्र संजीत सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, अभिभावकों एवं कॉलेज के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट तैयारी सत्रों ने उन्हें चयन प्रक्रिया में सफल होने का आत्मविश्वास प्रदान किया।
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट हेड संदीप गुप्ता ने छात्र को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संस्थान में लगातार प्रतिष्ठित कंपनियों का आगमन हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में और अधिक विद्यार्थी देश की अग्रणी कंपनियों में चयनित होकर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।