आगरालीक्स…आगरा में ऊर्जा राज्यमंत्री के सख्त निर्देश—रोस्टर के अनुसार निर्बाध हो विद्युत आपूर्ति. जनता की बार—बार शिकायतें आने और काम न करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों पर होगा एक्शन…भ्रष्ट लाइनमैन होंगे चिन्हित
ऊर्जा राज्य मंत्री और अतिरिक्त् ऊर्जा स्त्रोत विभाग कैलाश सिंह राजपूत ने शनिवार को आगरा के डीवीएनएल मुख्यालय पर विद्युत आपूर्ति की समक्षा की. बैठक में उन्होंने कहा कि रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, क्षमता वृद्धि के लिए ट्रांसफार्मर लगाने तथा ट्रांसफार्मर की वर्कशाॅप में पर्याप्त आपूर्ति रखी जाए, जिससे कि प्राकृतिक आपदा या ट्रांसफार्मर जलने पर तत्काल उसे बदला जा सके. उन्होंने हर गांव तक विद्युतीकरण पहुंचाने के निर्देश दिए. उन्होंने जनता से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रत्येक उपखण्ड स्तर पर भ्रष्ट लाइन मैन, जिनकी शिकायत जनता द्वारा बार बार की जाती है को चिन्हित करने, काम न करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई करने व निलम्बन के भी निर्देश दिए. उन्होंने विजिलेंस टीमों को ऑन-कैमरा चेकिंग करने का आदेश दिया. इसके अतिरिक्त, उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभावार प्रत्येक महीने जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने, उनसे प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने एवं जनप्रतिनिधियों के साथ व्हाट्सअप ग्रुप निर्माण कर दैनिक प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण व किसी परिस्थिति में जनप्रतिनिधियों की फोन काॅल रीसीव न करने पर बाद में काॅल बैक करने के निर्देश दिए.