आगरालीक्स…आगरा में हाइवे पर नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण. बाईंपुर और वाटर वर्क्स चौराहे पर फुटपाथ को घेरकर कब्जा करने वालों को हटाया. कई ठेलें और खोखा किए जब्त
आगरा को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. शुक्रवार को नगर निगम ने हाइवे पर बाईंपुर और वाटर वर्क्स चौराहे के पास अतिक्रमण हटवाया. निगम ने इस दौरान फुटपाथ और सड़क को घेरकर अवैध रूप से ठेल धकेल व दुकानें चलाने वालों पर कार्रवाई की. निगम ने कई ठेलें और एक खोखा जब्त कर लिया. आधा दर्जन से अधिक ठेलों को जब्त कर निगम परिसर भेज दिया गया. अचानक कार्रवाई से अफरातफरी मच गई. विरोध करने वालों पर दिखाई सख्तीनिगम की टीम बाईंपुर स्थित गणपति स्मार्ट सिटी के बाहर पहुंची. यहां लंबे समय से सार्वजनिक भूमि पर खोखे और अस्थायी निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था. अभियान के दौरान लोगों ने विरोध भी किया और कार्रवाई रोकने का प्रयास किया लेकिन निगम अधिकारियों ने सख्ती दिखाई और एक दर्जन से अधिक खोखों को हटवा दिया और एक खोखे को जब्त कर लिया. वहीं वाटर वर्क्स पर भी ऐसी ही कार्रवाई की गई. नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.