आगरालीक्स…आगरा के 27 स्कूलों में निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारी तो 40 शिक्षक मिले अनुपस्थित. कई विद्यालय समय पर खुले नहीं मिले…डीएम के निर्देश पर प्रिंसिपल निलंबित
मंगलवार को जनपद में जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर सीडीओ प्रतिभा सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों का प्रातःकालीन औचक निरीक्षण कराया। औचक निरीक्षण विकास खंड अधिकारियों (BDO) एवं सहायक विकास अधिकारियों (ADO) द्वारा सुबह 8 बजे से 8:30 बजे के मध्य किया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षक उपस्थिति एवं विद्यालय संचालन की स्थिति संतुष्टिजनक नहीं पाई गई। संबंधित अधिकारियों द्वारा विभिन्न विकास खंडों में कुल 27 विद्यालयों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 40 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। कई विद्यालयों में शिक्षक अनुपस्थिति की स्थिति अत्यंत चिंताजनक रही। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक एत्मादपुर,बाह, ब्लॉक फतेहाबाद, बिचपुरी एवं शमशाबाद ब्लॉक में भी शिक्षक उपस्थिति अत्यंत कम पाई गई। इसके अतिरिक्त, निरीक्षण के समय कई विद्यालय समय पर नहीं खुले थे, जो कि अत्यंत गंभीर विषय है। बंद विद्यालयों में अकोला, जगनेर, जैतपुर कलां तथा फतेहाबाद ब्लॉक के विद्यालय शामिल रहे। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बंद पाए गए विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने की कार्रवाई करने, बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों का दिनांक 12 मई 2026 का वेतन काटने की कार्रवाई सुनिश्चित साथ ही संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कुछ विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों एवं कार्यपुस्तिकाओं का वितरण पूर्ण रूप से नहीं किया गया है। वहीं कई विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) तथा शिक्षक संदर्शिका का उपयोग भी संतोषजनक नहीं पाया गया। जिलाधिकारी द्वारा तत्काल जांच कर जिम्मेदार कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में पाई गई गंभीर अनियमितताओं के संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को भी नोटिस देने को निर्देशित किया गया है।