आगरालीक्स…ताजमहल ने ओढ़ी 1720 मीटर लंबी सतरंगी चादर. शाहजहां उर्स के अंतिम दिन चादरपोशी के साथ की देश—दुनिया में अमन चैन की दुआ…ताजमहल में पूरे दिन फ्री रही एंट्री
देश और दुनिया में मोहब्बत की निशानी ताजहमहल ने शनिवार को सतरंगी चादर ओढ़ ली. मुगल शहंशाह शाहजहां के 371वें उर्स के आखिरी दिन सर्वधर्म सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए 1720 मीटर लंबी सतरंगी चादर ताजमहल के अंदर लाई गई. चादरपोशी के दौरान पूरा परिसर सतरंगी नजर आ रहा था. देश और दुनिया में अमन चैन की दुआ की गई. 1720 मीटर लंबी यह चादर दक्षिणी गेट स्थित हनुमान मंदिर से ताजमहल में मुख्य मकबरे में तहखाना में स्थित शाहजहां व मुमताज की कब्रों पर पेश करने के लिए ले जाई गई. इस दौरान धर्मगुरुओं की मौजूदगी रही.
शाहजहां के 371वें उर्स की शुरुआत गुरुवार को गुस्ल की रस्म के साथ हुई थी. इस मौके पर ताजमहल के तहखाने में स्थित शाहजहां और मुमताज की असली कब्रें सैलानियों के लिए खोली गईं. उर्स के दूसरे दिन शुक्रवार को शाहजहां और मुमताज की कब्र पर संदल चढ़ाया गया और आज आखिरी दिन शनिवार को ताज में कुलशरीफ के बाद कुरानख्वानी और फिर फाहिहा पढ़ाया गया. गुलपोशी के बाद चादरपोशी और पंखे चढ़ाने का सिलसिला शुरू हुआ.
ताजमहल में फ्री रहा प्रवेश
शाहजहां उर्स को लेकर गुरुवार व शुक्रवार को जहां दोपहर दो बजे के पर्यटकों के लिए ताजमहल में प्रवेश फ्री किया गया तो वहीं आज शनिवार को उर्स के आखिरी दिन ताजमहल में पूरे दिन पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क रहा. इसको लेकर सुबह से ही ताजमहल में पर्यटकों की भीड़ दिखाई दी. वीकेंड होने के कारण दोपहर बाद पर्यटकों की संख्या और अधिक बढ़ती चली गई.