आगरालीक्स ( 27th January 2026) …. यह जुनून ही है, 75 साल के उद्योगपति हरविजय वाहिया ने ओडिशा के जंगल में कैमरे में कैद किया ब्लैक टाइगर, इससे पहले किसी भी निजी फोटोग्राफर के नाम यह उपलब्धि नहीं है। दुनिया भर में 10 ही ब्लैक टाइगर हैं।
आगरा के उद्यमी और वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर हरविजय वाहिया ने अपनी दिवंगत पत्नी इंदू से टाइगर की चारों प्रजातियों ब्लैक टाइगर, बंगाल टाइगर, व्हाइट टाइगर और गोल्डन टाइगर को कैमरे में कैद कर काफी टेबल बुक तैयार करने का वादा किया था। वे बंगाल टाइगर का फोटो अपने कैमरे से ले चुके हैं, उन्होंने दूसरा लक्ष्य ब्लैक टाइगर का फोटो लेने का बनाया, ब्लैक टाइगर ओडिशा के ओडिशा के सिमलीपाल जंगल में ही पाए जाते हैं। वे 20 जनवरी 2026 को ओडिशा के सिमलीपाल जंगल पहुंच गए।

पहले दिन ही मिल गई सफलता
हरविजय वाहिया के अनुसार, वन विभाग से अनुमति लेने के बाद वे ओडिशा के सिमलीपाल जंगल पहुंचे, जंगल में घुसते ही उन्हें ब्लैक टाइगर दिखाई दिया। उनके ट्रैकर बुधराम ने पेड़ के पीछे से निकल कर जा रहे ब्लैक टाइगर की तरफ इशारा किया, इसके साथ ही उन्होंने ट्रैकर के साथ ब्लैक टाइगर का पीछा शुरू कर दिया, गाड़ी को पांच किलोमीटर की स्पीड से चलाया और ब्लैक टाइगर पर नजर गढ़ाए रखीं। 20 जनवरी को दोपहर 12.14 बजे उन्होंने अपने कैमरे से ब्लैक टाइगर का फोटो ले लिया।
पहली बार किसी फोटोग्राफर ने लिया ब्लैक टाइगर का फोटो
27 जनवरी 2026 को ग्रीन बीन्स सूर्य नगर में आयोजित समारोह में वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर ललित राजोरा ने बताया कि ब्लैक टाइगर का अभी तक ट्रैप केमरे से एक अन्य फोटोग्राफर ने ही फोटो लिया है इसके लिए छह महीने इंतजार किया था और करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए थे। किसी भी फोटोग्राफर द्वारा लिया गया यह पहला ब्लैक टाइगर का फोटो है जिसे हरविजय वाहिया ने लिया है। इस दौरान अनिल शर्मा, वेदपाल धर, हर्षदीप उप्पल, अर्पण भार्गव, आनंद तिवारी, रिंकू शर्मा आदि मौजूद रहे।