आगरालीक्स …Agra Local News: आगरा प्रशासन की टीम ने गायत्री डेवलेपवेल की 70 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैली, 100 करोड़ से अधिक की संपत्तियां कुर्क कीं, सात दिन में बकाएदारों का भुगतान ना करने पर संपत्तियों की नीलामी की जाएगी।
गायत्री डेवलेपवेल कंपनी के निदेशक हरिओम दीक्षित के कई प्रोजेक्ट में निवेश करने वाले आगरा के 20 से अधिक लोगों ने भूसंपदा, विनियामक प्राधिकरण यानी रेरा में शिकायत दर्ज कराई थी। रेरा के निर्देश पर 2019 में तत्कालीन डीएम आगरा ने 18 रिकवरी सर्टिफिकेट यानी आरसी जारी किए थे, इसमें से गायत्री डेवलेपवेल कंपनी द्वारा सात की रकम वापस कर दी गई थी, 11 लोगों के 4.08 करोड़ रुपये अदा नहीं किए गए थे।
70 हजार वर्ग मीटर से अधिक की संपत्तियां की सील ( Agra Local News: Agra Distt Administration attach Properties in 70771 Square Meter in Noida)
एसडीएम सदर सचिन राजपूत के अनुसार, रजिस्ट्रार आफ कंपनी के पोर्टल को खंगालने पर प्रशासनिक टीमों को गायत्री डेवलेपवेल कंपनी के हरिओम दीक्षित की नोएडा स्थित संपत्तियों का पता चला। गायत्री ओरा, एपेक्स ओरा, गायत्री हास्पिटलिटी और रीयलकॉन सहित 70771 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली, 100 करोड़ रुपये से अधिक बाजार मूल्य की संपत्तियों को सील कर दिया।
कुर्क की जाएंगी संपत्तिया, कई मुकदमे दर्ज
जिन संपत्तियों को सील किया गया है, उनके लिए सात दिन का समय दिया गया है कि गायत्री डेवलेपवेल द्वारा 11 बकाएदारों का 4.08 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया जाए। भुगतान न करने पर इन संपत्तियों को नीलाम किया जाएगा, इससे मिलने वाले रुपये से बकाएदारों का भुगतान होगा। वहीं, गायत्री डेवलेपवेल के निदेशक हरिओम दीक्षित के खिलाफ कई निदेशकों ने मुकदमे दर्ज कराए हैं।