आगरालीक्स..आगरा में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य पद का चुनाव 16 व 17 जनवरी को. 4686 मतदाता सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक डाल सकेंगे मत
पीठासीन अधिकारी, चुनाव/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमरजीत ने अवगत कराया है कि निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव 2025-26 द्वारा 16 व 17 जनवरी को जनपद न्यायालय परिसर, आगरा में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य पद का चुनाव होगा। मतदान का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। प्रदेश के समस्त प्रत्याशियों की संख्या 333, जनपद के अधिवक्तागण/मतदाताओं की संख्या- 4686 है तथा पोलिंग बूथ की संख्या- तीन कमरों में पांच-पांच बूथ (न्याय भवन कक्ष संख्या 7, 8 व 9) बनाये गये है।
उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि प्रस्तावित मतदान हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गयें हैं, जिसमें मतदान स्थल पर सभी प्रकार के इलेक्ट्रानिक गैजेट्स प्रतिबन्धित रहेंगे। मतदान स्थल पर केवल वही अधिवक्तागण प्रेवश कर सकेंगे, जिनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हैं। अर्ह सभी विद्वान अधिवक्तागण द्वारा मतदान हेतु अपने सी.ओ.पी. कार्ड, पंजीकरण प्रमाण-पत्र, उ0प्र0 बार काउसिंल द्वारा प्रदत्त पहचान पत्र अथवा उ.प्र. बार काउंसिल द्वारा जारी पंजीकरण प्रमाण-पत्र साथ लाना आवश्यक है।
जनपद न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारीगण के वाहनों के अतिरिक्त अन्य समस्त वाहनों का प्रवेश गेट नम्बर-1 से निषिद्ध रहेगा। अधिवक्तागण एवं स्टाफ के वाहन गेट नम्बर-1ए पर स्थित पार्किंग स्थल में खड़े किए जायेंगे। गेट नम्बर-1 की मुख्य पार्किंग में स्थान उपलब्ध न होने की दशा में गेट नम्बर-5 पर उपलब्ध स्थान पर वाहन खड़े किए जायेंगे। गेट नम्बर-5 तक जाने हेतु भदावर हाउस के बराबर वाली सड़क एवं नथानी हॉस्पीटल के बराबर वाली सड़क का उपयोग करेंगे। बाहर से आने वाले सभी बड़े वाहन दीवानी चौराहे से नेहरू नगर जाने वाले रास्ते पर अधिवक्तागण को ड्रॉप करने के उपरान्त, समस्त बड़े वाहन पालीवाल पार्क में खड़े किए जायेंगे तथा असुविधा एवं विलम्ब से बचने के लिए समस्त विद्वान अधिवक्तागण को यह सुझाव दिया जाता है कि वह मतदाता सूची पर अपना कमांक ज्ञात कर मतदान स्थल पर उपस्थित हों।