आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी भावुक विदाई. ‘शुभमस्तु 2025–26’ समारोह का हुआ भावनात्मक आयोजन
माही इंटरनेशनल स्कूल में सत्र 2025–26 के कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह ‘शुभमस्तु’ का गरिमामय एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। यह अवसर स्मृतियों, आशीर्वाद और भावनाओं से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुआ, जिसमें उन्हें तिलक लगाकर अभिनंदित किया गया। इसके बाद विद्यालय के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, प्रबंध ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या इंदु बिष्ट द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए माँ सरस्वती से आशीर्वाद प्राप्त किया गया।इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम को गरिमामय रूप प्रदान किया। जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स को टैग एवं सुंदर वॉल हैंगिंग भेंट कर स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं प्रबंध ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल द्वारा कक्षा बारहवीं के सभी विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न स्वरूप समूह फोटो भेंट की गई। कार्यक्रम में रंग खेल, पूर्व हेड बॉय एवं हेड गर्ल के प्रेरणादायक उद्बोधन, समूह गायन एवं रोचक हुक स्टेप चैलेंज जैसी गतिविधियों ने समां बांध दिया। जूनियर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए शुभकामना वीडियो ने सभी को भावविभोर कर दिया।
मंजरी अग्रवाल एवं इंदु बिष्ट ने विद्यार्थियों को जीवन के आगामी चरण के लिए शुभकामनाएं एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। रैम्प वॉक एवं प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। संजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसके पश्चात सम्मान समारोह में मिस्टर माही, मिस माही सहित अन्य उपाधियाँ मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रदान की गईं। इसके साथ ही मिस्टर माही करन एवं मिस माही खुशी द्वारा बैनर अनावरण किया गया तथा सामूहिक छायाचित्र लिया गया। कार्यक्रम का समापन संगीत, नृत्य एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसके बाद सभी के लिए भोज का आयोजन किया गया। विदाई समारोह ‘शुभमस्तु’ कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए स्मरणीय एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।