आगरालीक्स…आज 1.20 लाख से अधिक लोगों ने ताजमहल देखा फ्री. सुबह से लेकर शाम तक मिली फ्री एंट्री…शाहजहां उर्स का आखिरी दिन ताजमहल पर भीड़ ही भीड़
आगरा में शनिवार को ताजमहल पूरे दिन फ्री रहा. वीकेंड होने और ताजमहल में निशुल्क प्रवेश होने का फायदा पर्यटकों ने खूब उठाया. सुबह से लेकर शाम तक ताजमहल हाउसफुल रहा. एक आंकड़े के अनुसार शनिवार को 1.20लाख से अधिक लोगों ने ताजमहल का दीदार किया. शहंशाह शाहजहां के 371वें उर्स को लेकर ताजमहल पिछले तीन दिनों से निशुल्क है. हालांकि गुरुवार और शुक्रवार को दोपहर दो बजे के बाद से ताजमहल में निशुल्क एंट्री थी लेकिन शनिवार को सूर्योदय के साथ ही ताजमहल में फ्री प्रवेश पर्यटकों को दिया गया. हाल ये रहा कि ताजमहल के दोनों गेटों पर लोगों की भारी भीड़ पूरे दिन लगी रही. बमुश्किल लोग इस भीड़ को पार कर ताजमहल में अंदर प्रवेश कर पाए. निशुल्क ताज एंट्री के कारण ताजमहल जाने वाले मार्गों पर भी जाम की स्थिति देखी गई.
देश और दुनिया में मोहब्बत की निशानी ताजहमहल ने शनिवार को सतरंगी चादर ओढ़ ली. मुगल शहंशाह शाहजहां के 371वें उर्स के आखिरी दिन सर्वधर्म सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए 1720 मीटर लंबी सतरंगी चादर ताजमहल के अंदर लाई गई. चादरपोशी के दौरान पूरा परिसर सतरंगी नजर आ रहा था. देश और दुनिया में अमन चैन की दुआ की गई. 1720 मीटर लंबी यह चादर दक्षिणी गेट स्थित हनुमान मंदिर से ताजमहल में मुख्य मकबरे में तहखाना में स्थित शाहजहां व मुमताज की कब्रों पर पेश करने के लिए ले जाई गई. इस दौरान धर्मगुरुओं की मौजूदगी रही.
शाहजहां के 371वें उर्स की शुरुआत गुरुवार को गुस्ल की रस्म के साथ हुई थी. इस मौके पर ताजमहल के तहखाने में स्थित शाहजहां और मुमताज की असली कब्रें सैलानियों के लिए खोली गईं. उर्स के दूसरे दिन शुक्रवार को शाहजहां और मुमताज की कब्र पर संदल चढ़ाया गया और आज आखिरी दिन शनिवार को ताज में कुलशरीफ के बाद कुरानख्वानी और फिर फाहिहा पढ़ाया गया. गुलपोशी के बाद चादरपोशी और पंखे चढ़ाने का सिलसिला शुरू हुआ.