आगरालीक्स… आगरा में लॉक डाउन में बाहर निकलने, सोशल डिस्टेंसिंग कर उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर घर, दुकान के गेट पर एफआईआर की कॉपी चस्पा की जा रही है। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में भी मुकदमा दर्ज किए जा रहे हैं। गुरुवार को शहर में 56 मुकदमे दर्ज किए गए और 250 लोगों को नामजद किया गया।
आगरा में कोरोना की रोकथाम के लिए लगातार सख्ती की जा रही है। इसके बाद भी लोग लॉक डाउन में घर से बाहर निकल रहे हैं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, महामारी अधिनियम की धाराओं में लॉक डाउन का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जिले में हर रोज 70 से 80 मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। मुकदमा दर्ज करने के बाद घर और दुकान पर एफआईआर की कॉपी चस्पा की जा रही है।
हॉट स्पॉट में ड्रोन से निगरानी
पुलिस के लिए शहर के हॉट स्पॉट क्षेत्र चुनौती बने हुए हैं, इन क्षेत्रों से कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इन्हें पूरी तरह से सील किया गया है, इसके बाद भी लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। इसके लिए पुलिस ड्रोन की मदद ले रही है, ड्रोन की मदद से घर से बाहर निकलने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। इन पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
वाहन का चालान और सीज
बेवजह घर से बाहर निकलने वाले लोगों के वाहनों के चालान किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वाहनों को सीज किया जा रहा है।