आगरालीक्स ..आगरा में कोरोना के संक्रमण को तीसरी स्टेज से पहले रोकने को होम क्वारंटाइन में पुलिस घर के बाहर ताला लगाएगी, अलीगढ से थोक में ताले मंगाए गए हैं। हर क्षेत्र में कोरोना फाइटर्स तैयार किए गए हैं। इनका ग्रुप बनाया गया है, ये पुलिस के संपर्क में रहेंगे, इनके क्षेत्र में कोई समस्या आती है, होम क्वारंटाइन और लॉक डाउन का उल्लंघन करते हैं तो पुलिस को वीडियो भेज सकेंगे, इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आगरा के कोरोना के 172 केस पहुंच चुके हैं, पांच मौत हो गई हैं। केस लगातार बढ रहे हैं। इससे कोरोना के संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बढ रहा है, ऐसे में आगरा पुलिस ने रणनीति बनाई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एसएसपी बबलू कुमार ने अलीगढ से थोक में ताले मंगाए हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों को जिले में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा जा रहा है लेकिन वहां संख्या बढ रही है। इन्हें 14 दिन क्वारंटाइन सेंटर में रहना है। ऐसे में अब होम क्वारंटाइन की प्लानिंग की गई है।
होम क्वारंटाइन में घर के बाहर लगा देंगे ताला
कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों को अब होम क्वारंटाइन किया जाएगा, होम क्वारंटाइन में 14 दिन तक घर पर रहना है। ये लोग घर से बाहर ना निकलें, इसके लिए घर के गेट पर पुलिस ताला लगा देगी। इन्हें कोई समस्या होती है, सब्जी फल दूध और दवा चाहिए तो फोन नंबर पर सूचना दे सकेंगे, बीमार होने पर डॉक्टर की टीम घर जाएगी और चेकअप करेगी।