आगरालीक्स…एमजी रोड पर एलिवेटेड चलेगी मेट्रो. कैंट से होकर एमजी रोड पर आएगी मेट्रो, पर भगवान टाकीज नहीं जाएगी. 15 स्टेशन बनेंगे…जानिए सभी स्टेशन और पूरा रूट
आगरा में परिवहन का नया साधन बनी है आगरा मेट्रो. पहले कॉरिडोर में ताज पूर्वी गेट से बिजलीघर तक छह स्टेशनों के बीच इस समय मेट्रो चल रही है. इनमें तीन स्टेशन एलिवेटेड हैं तो वहीं तीन अंडरग्राउंड स्टेशन हैं. आगरावासी इस समय फतेहाबाद रोड पर मेट्रो की सवारी कर रहे हैं. इसी कॉरिडोर के आगे के स्टेशन एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आईएसबीटी पर सुरंग बनाने का काम 60 प्रतिशत तक पूरा हो गया है.
7 अगस्त से एमजी रोड पर चलेगा काम
आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन का काम शुरू हो रहा है. इसके साथ ही डिवाइडर पर एलिवेटेड ट्रैक भी बनाया जाएगा. इसके लिए बुधवार यानी सात अगस्त से एमजी रोड पर रूट डायवर्जन जारी किया गया है। एमजी रोड पर डिवाइडर के दोनों तरफ आठ आठ मीटर चौड़ी सड़क है, एलिवेटेड ट्रैक का काम शुरू होने पर तीन तीन मीटर जगह कम हो जाएगी और सड़क पर वाहन निकलने के लिए पांच पांच मीटर की जगह रह जाएगी. इसके चलते एमजी रोड पर राजा की मंडी से सेंट जोंस कालेज तक मेट्रो का काम शुरू होगा. सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सैयद अरीब अहमद का कहना है कि एमजी रोड पर तीन महीने तक रूट डायवर्जन रहेगा.

एमजी रोड पर एलिवेटेड चलेगी मेट्रो
शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले एमजी रोड पर मेट्रो ऐलिवेटेड चलेगी. आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक मेट्रो का निर्माण दूसरे कॉरिडोर में किया जाना है. इस रूट पर कुल 15 ऐलिवेटिड स्टेशनों का निर्माण किया जाना है. इस कॉरिडोर की मदद से यमुनापार क्षेत्र से लोग आसानी से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन सहित शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आ जा सकेंगे.
आगरा कॉलेज पर बनेगा इंटरचेंज
आगरा कॉलेज पर बनने वाला मेट्रो स्टेशन सबसे खास होगा. यहां इंटरचेंज स्टेशन बनेगा. यह स्टेशन दोनों कॉरिडोर को आपस में कनेक्ट करेगा. पहले कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक होगा तो वहीं दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक होगा. इन दोनों ही कॉरिडोर का इंटरचेंज स्टेशन आगरा कॉलेज होगा.
भगवान टाकीज नहीं जाएगी मेट्रो
आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनने वाले मेट्रो के इस कॉरिडोर में लोगों को यह निराशा जरूर होगी कि मेट्रो आगरा कैंट से सीधे भगवान टाकीज तक नहीं जाएगी. दरअसल मेट्रो का रूट कैंट से प्रतापुरा होकर एमजी रोड पर तो आएगा लेकिन सूरसदन पर पहुंचने के बाद मेट्रो का रूट नेहरू नगर होता हुआ सुल्तानगंज की पुलिया पहुंचेगा. यहां से कमला नगर, रामबाग होते हुए मेट्रो कालिंदीविहार तक जाएगी.
इस कॉरिडोर में निम्न मेट्रो स्टेशन होंगे-
आगरा कैंट
सदर बाजार
प्रतापपुरा
कलैक्ट्रेट ( फ्यूचर स्टेशन- सुभाष पार्क)
आगरा कॉलेज
हरीपर्वत
संजय प्लेस
एमजी रोड
सुल्तानगंज की पुलिया
कमला नगर
रामबाग
फाउंड्री नगर
मंडी समिति
कालिंदी विहार