आगरालीक्स…अच्छी खबर, आरबीएस से राजा की मंडी मेट्रो स्टेशन तक दोनों सुरंग का काम पूरा. फिनिशिंग कार्य शुरू…जल्द बिजलीघर से आरबीएस तक शुरू होगी मेट्रो सेवा
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे प्रथम कॉरिडोर के शेष भूमिगत भाग में दोनो टनल का निर्माण पूरा कर लिया है। इसके साथ ही टीबीएम 1 एवं 2 भी मेडिकल कॉलेज की दिशा में टनल का निर्माण कर रही हैं। ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे प्रथम कॉरिडोर में शेष चार भूमिगत स्टेशनों के सिविल स्ट्रक्चर का निर्माण पूरा हो गया है, फिलहाल, इन सभी स्टेशनों पर फिनिशिंग एवं सिस्टम आदि का काम किया जा रहा है।
प्रथम कॉरिडोर के शेष भाग में चार टीबीएम के जरिए टनल का निर्माण किया जा रहा है। टीबीएम 3 एवं 4 आरबीएस रैंप एरिया से आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन तक टनल का निर्माण कर रहीं हैं। इन दोनों टीबीएम ने राजा की मंडी मेट्रो स्टेशन दोनों टनल का निर्माण पूरा कर लिया है। फिलहाल, टीबीएम 4 राजा की मंडी से आगरा कॉलेज की दिशा में अपलाइन में लगभग 237 मीटर टनल निर्माण कर चुकी है। वहीं, टीबीएम 3 को डाउनलाइन में टनल निर्माण हेतु जल्द ही लॉन्च किया जाएगा। इन दोनों टीबीएम को आगरा कॉलेज रिट्रीवल शाफ्ट से रिट्रीव किया जाएगा।

वहीं, टीबीएम 1 और टीबीएम 2 आगरा कॉलेज से मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन की दिशा में टनल का निर्माण कर रही हैं। इन दोनों टीबीएम को मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर स्थित रिट्रीवल शाफ्ट से रिट्रीव किया जाएगा। टीबीएम 1 एवं 2 ने मेडिकल कॉलेज तक दोनों टनल का निर्माण पूरा कर लिया है। टीबीएम 1 मेडिकल कॉलेज से मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन की दिशा में लगभग 260 मीटर टनल का निर्माण कर चुकी है। वहीं, टीबीएम 2 को भी मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन की दिशा में लॉन्च कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा है कि निर्धारित समय में आगरा में प्रायरिटी कोरिडोर पर मेट्रो का संचालन किया गया और अब बैलैंस सेक्शन को भी समयबद्ध तरीके से तेजी से निर्मित करने की दिशा में मेट्रो की टीम अथक प्रयास कर रही है।
आगरा मेट्रो पर एक नजर
ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्र नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन हैं। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस कॉरिडोर में कुल 13 स्टेशन हैं, जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 स्टेशन भूमिगत हैं। इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे।