आागरालीक्स…आगरा में एटीएम केबिन में रुपये निकालते समय अगर आपके पीछे कोई खड़ा है, तो सतर्क रहें. आपके खाते से रकम हो सकती है पार..ऐसे ही दो शातिरों को अरेस्ट किया है, 75 एटीएम कार्ड मिले…
अगर आप एटीएम में पैसे निकालने के लिए जा रहे हैं तो देख लीजिए केबिन में कोई आपके पीछे तो खड़ा नहीं है. अगर कोई खड़ा है तो सतर्क हो जाइए, क्योंकि आपका एटीएम कब बदल जाए और कब आपके खाते से रकम ट्रांसफर हो जाए, इसका आपको पता नहीं चलेगा. आगरा की थाना न्यू आगरा पुलिस ने ऐसे ही गिरोह के दो सदस्यों को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके पास से 75 एटीएम कार्ड के अलावा अन्य सामान बरामद किया है.
महिला ने की थी शिकायत
थाना न्यू आगरा पुलिस में एक महिला ने शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कराया था. महिला ने बताया कि 11 अगस्त को उसका पति कार्ड का पिन नंबर जनरेट करने के लिए दयालबाग के यूनियन बैंक एटीएम मशीन पर गए थे. एटीएम पिन जनरेट करते समय मशीन में एटीएम कार्ड फंस गया, तभी वहां एक अंजान व्यक्ति आया और उसने धोखाधड़ी करके डेबिट कार्ड का ओटीपी पता कर लिया और कार्ड लेकर भाग गया. इसके बाद खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए.
पुलिस ने इस गिरोह की तलाश के लिए जांच की तो दो सदस्य संजय कुमार और सोनू को अरेस्ट किया है. आरोपियों ने बताया कि वे दोनों एटीएम मशीन में रुपये निकालने आए ग्राहकों के एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करते हैं. पुलिस ने बताया कि संजय सुल्तानपुरी दिल्ली का रहने वाला है, वहीं सोनू हिसार का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 2500 रुपये, 75 एटीएम कार्ड, दो माबाइल, दो पर्स, आधार कार्ड और एक अल्टो कार बरामद की है.