आगरालीक्स… आगरा में एमजी रोड के छह कट एक साल के लिए बंद रहेंगे। आगरा मेट्रो के लिए एमजी रोड पर जून के तीसरे सप्ताह में एलीवेटेड मेट्रो ट्रैक का काम शुरू हो जाएगा और एमजी रोड पर सात एलीवेटेड मेट्रो स्टेशन बनेंगे।
आगरा मेट्रो के ताजमहल पूर्वी गेट से सिकंदरा और आगरा कैंट से कालिंदी विहार के लिए जून के तीसरे सप्ताह से एमजी रोड पर एलीवेटेड मेट्रो ट्रैक बनाने का काम शुरू होगा। इसके लिए एमजी रोड के बीच में बने डिवाइडर पर पिलर तैयार किए जाएंगे। ( Six cut of MG road will be closed for one year for elevated Metro Station)
200 पिलर बनेंगे, सात मीटर क्षेत्र में बैरीकेडिंग
एमजी रोड पर एलीवेटेड मेट्रो ट्रैक के लिए 200 पिलर तैयार किए जाएंगे। पिलर तैयार करते समय सात मीटर क्षेत्र में बैरीकेडिंग की जाएगी। इसके चलते एमजी रोड पर वाहनों को निकलने में भी समस्या आएगी, इसके लिए भी तैयारी की जा रही है।
छह कट एक साल के लिए किए जाएंगे बंद
आगरा मेट्रो के एमजी रोड पर एलीवेटेड सात मेट्रो स्टेशन का काम लगभग एक साल तक चलेगा। इसके लिए एकलव्य स्टेडियम से अबंतीबाई चौराहा के बीच का कट, एडीएम सिटी आवास के सामने, कलक्ट्रेट पुलिया के आधे हिस्से का कट, धाकरान चौराहा कट, नालबंद का कट, राजा की मंडी चौराहा, नगर निगम कार्यालय के सामने के कट को बंद किया जाएगा।