आगरालीक्स…यह आगरा है, यहां भीषण गर्मी में महायज्ञ होने जा रहा है, खूबसूरत तरीके से हवन कुंड बनाए हुए हैं, इन्हें देखने से ही सुकून मिल रहा है
फतेहपुर सीकरी ब्लॉक के गांव नगला जग्गे में 21 दिवसीय 1100 कुंडीय महारुद्र यज्ञ, राम कथा, शिव महापुराण कथा, रासलीला, संत प्रवचन एवं भंडारा कार्यक्रम की तैयारी तेज हो गई हैं। नगला जग्गे की पावन धरती 2 मई से 23 मई तक ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान की गवाह बनेगी। कार्यक्रम के लिए 14 बीघा भूमि पर यज्ञ कुंड बनाने का कार्य प्रगति पर है। फतेहपुर सीकरी ब्लॉक के मजरा नगला जग्गे में मौनव्रती दिगंबर संत शोभाराम भारती द्वारा जनकल्याण और विश्व कल्याण के लिए महा आयोजन का आह्वान किया है। इस विशाल कार्यक्रम के लिए शिवाश्रम सेवा ट्रस्ट एवं उनके अनुयायियों द्वारा इसकी जिम्मेदारी दी गई है। इस महाआयोजन के तहत 2 मई को सीकरी से नगला जग्गे तक 11001महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। जहां पर 2 से 10 मई तक राम कथा व 11 से 19 मई तक शिव महापुराण कथा और 12 से 22 मई तक 1100 कुंडीय रुद्र महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।

इसके बाद 20 से 22 मई तक संतों के प्रवचन एवं समापन पर 23 मई को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महा आयोजन के लिए संत शोभाराम भारती गांव गांव पहुंच कर आयोजन को सफल बनाने के लिए जुटे हुए हैं यज्ञ कुंड निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। वहीं पूरे कार्यक्रम में लाखों लोगों के आने की संभावना है। 1101 कुंडीय यज्ञ के लिए 1101 यज्ञ पुरोहित, 1101यजमान जोड़े रहेंगे। 2000 संत भी प्रवास पर रहेंगे। वहीं इस दौरान प्रसिद्ध कथा व्यास राम कथा एवं शिव महापुराण कथा का रसपान कराएंगे।
यह आयोजन लगभग 60 बीघा भूमि पर किया जाएगा। जिसमें यज्ञशाला, कथा स्थल, पार्किंग स्थल, यजमान, संतो के रहने के लिए टेंट, भोजनालय, शौचालय एवं अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। शिवाश्रम सेवा ट्रस्ट के सूत्रों के अनुसार इस महाआयोजन में मुख्यमंत्री सहित दिग्गज राजनेता और धर्मगुरुओ के अलावा महंत के देशभर में कई राज्यों में मौजूद अनुयायियों के साथ लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे।