आगरालीक्स…आगरा में मनाई गई संत गाडगे की 148वीं जयंती. मेयर ने कहा—संत गाडगे के विचारों से प्रेरणा लेकर जरूरतमंदों की करें मदद
कमला नगर क्षेत्र में संत गाडगे की 148 वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह रहीं। महापौर ने बाबा गाडगे और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। महापौर ने कहा कि संत गाडगे बाबा के जीवन का एकमात्र ध्येय लोक सेवा था। वह दीन-दुखियों और उपेक्षितों की सेवा को ही ईश्वर की भक्ति मानते थे। उनका विश्वास था कि दरिद्र नारायण के रूप में ईश्वर मानव समाज में विद्यमान है। वह हमेशा कहते थे कि जरूरतमंदों की तन-मन और धन से सेवा करने से ही ईश्वर की प्राप्ति होती है। उनका मानना था कि भूखों को भोजन, प्यासे को पानी, वस्त्रहीन को वस्त्र, अनपढ़ को शिक्षा, बेकार को काम, निराश को ढाढस और मूक जीवों को अभय प्रदान करना ही भगवान की सच्ची सेवा है।
महापौर ने कहा कि हम सभी को संत गाडगे के विचारों से प्रेरणा लेकर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। जो लोग संपन्न हैं वह जरूरतमंदों की मदद करेंगे तो समाज में अपने आप ही संपन्नता आएगी। इस दौरान पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य, क्षेत्रीय पार्षद कंचन बंसल, शिवकुमार, प्रमोद व अन्य क्षेत्रीय लोग व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।