आगरालीक्स…आगरा में दर्दनाक हादसा. ट्रैक्टर के नीचे आकर 16 साल के किशोर की मौत. चचेरा भाई घायल
आगरा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. थाना कागरौल के गांव अखबाई में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से उस पर सवार 16 वर्षीय किशोर उसके नीचे दब गया, जब तक उसको बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना में एक 15 साल का अन्य किशोर घायल हुआ है. किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है.

ये है पूरा मामला
गांव अखबाई में सोमवार सुबह करीब 8 बजे एक ट्रेक्टर ट्रॉली पर 16 साल का साहिल पुत्र देवेंद्र सिंह और उसका चचेरा भाई 15 वर्षीय सुमित पुत्र रविंद्र सिंह बैठे थे. ट्रैक्टर को उनके ही परिवार का एक व्यक्ति चला रहा था. बताया जाता है कि खेत से आते समय कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टर का पहिया धंस गया और वह पलट गया. इससे उसके नीचे साहिल और सुमित दब गए. चीख पुकार मचने पर ग्रामीण वहां पहुंच गए. उन्होंने ट्रैक्टर को सीधा कर उसके नीचे दबे दोनों किशोरों को बाहर निकाला लेकिन तब तक साहिल की मौत् हो चुकी थी. परिजन उन्हें चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सक ने साहिल को मृत घोषित कर दिया. सुमित का उपचार चल रहा है.