आगरालीक्स…आगरा में एक महीने में 20 हजार लोग बिना हेलमेट के पकड़े. सीट बेल्ट न पहनने, ओवर स्पीडिंग और नशे में गाड़ी चलाने वालों की संख्या देखेंगे तो चौंक जाएंगे
शुक्रवार को डीएम ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली तो इसमें एक महीने के बाद वाहनों की चेकिंग और चालान के आंकड़े पेश किए गए. बैठक में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने अवगत कराया कि माह मई में वाहनों में ओवर लोडिंग में हेलमेट न पहनने वालों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा 1987 व पुलिस विभाग द्वारा 17696 चालान किए गए, शीट बेल्ट न लगाने पर परिवहन विभाग ने 416 व पुलिस विभाग ने 1666 चालान किए, इसी प्रकार ओवर स्पीड वाहनों के विरुद्ध 1609 चालान परिवहन विभाग ने तथा पुलिस विभाग ने 4899 चालान किए हैं, स्टंटिंग के विरूद्ध परिवहन विभाग द्वारा 12 व पुलिस विभाग ने 06 चालान किया गया, नशे में वाहन चलाने पर परिवहन विभाग ने 16 व पुलिस विभाग ने 01 चालान किए हैं. गलत दिशा में वाहन चलाने पर परिवहन विभाग ने 168 तथा पुलिस विभाग ने 410 चालान की कार्यवाही की है, जिस पर जिलाधिकारी महोदय ने पुलिस विभाग को रिफलेक्टिव टेप न लगे होने के विरूद्ध कम चालान होने की दशा में चालान की प्रगति बढाये जाने के निर्देश दिए.

इस अवसर पर डीएम नवनीत सिंह चहल ने कहा कि जनपद में घटित हो रही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए. उन्होंने परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिये कि अनाधिकृत वाहन संचालन के विरूद्ध पूरे जनपद में संयुक्त जांच अभियान चलाया जाये, 15 वर्ष पुराने वाहनों के परिचालन पर कड़ी कार्यवाही, लोडर वाहनों पर कार्यवाही, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने, प्रदूषण समाप्त वाहनों व बीमा समाप्त वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही, ग्रामीण क्षेत्रों हेतु जारी ऑटो रिक्शा परमिट के शहरी क्षेत्रों में संचालन के विरूद्ध कार्यवाही तथा स्कूली वाहनों को मानक पूर्ण करने की कार्यवाही कड़ाई से सुनिश्चित कराने के दिशा निर्देश दिए.