आगरालीक्स…आगरा में 250 स्कूली बसों की फिटनेस वैधता खत्म, प्रशासन के सख्त आदेश. बिना फिटनेस के स्कूली बसें चलती मिलीं या हादसा हुआ तो पूरी जिम्मेदारी झेलने को रहें तैयार, एफआईआर भी होगी
आगरा में 250 से अधिक स्कूली बसों की फिटनेस वैधता समाप्त एवं प्रपत्र समाप्त हो चुके हैं. इसके बाद भी अगर बिना फिटनेस के ये बसें स्कूलों द्वारा संचालित पाई गईं तो स्कूलों के खिलाफ सख्त एक्शन होगा. हादसा होने पर न सिर्फ स्कूल की मान्यता समाप्त होगी बल्कि एफआईआर भी दर्ज की जाएगी. यह आदेश संभागीय परिवहन अधिकारी अखिलेश कुमार द्विवेदी ने दी. उनहोंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वह स्कूली वाहनों को खुद भी चेक करें और फिटनेस न होने पर बच्चों को इन वाहनों से स्कूल न भेजें.हर स्कूली वाहन की भौतिक व तकनीकी जांच हो
उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि किसी भी वाहन से स्कूली बच्चों को भेजने से पूर्व सम्बन्धित वाहन की भौतिक व तकनीकी दशा (वाहन की फर्श ठीक हो, खिडकियों पर जाली अथवा रॉड समुचित तरीके से लगी हो आदि) का निरीक्षण समय-समय पर करते रहें तथा वाहन के प्रपत्रों की वैधता की जाँच के उपरान्त ही बच्चों को भेजें इसके अलावा यह भी देख लें कि चालक नाबालिग न हो, नशे की हालत में न हो, तीव्र गति से वाहन न चला रहा हो तथा उसका ड्राइविंग लाइसेंस वैध हो.
उन्होंने आगे यह बताया है कि फिटनेस समाप्त स्कूली बसों की सूची स्कूली व वाहनों के स्वामियों (प्रबंधक/प्रधानाचार्य) को निर्देशित किया है कि उक्त वाहनों से किसी भी दशा (जब तक कि वाहन की भौतिक व तकनीकी दशा तथा प्रपत्र ठीक नहीं हो जाते) में बच्चों का परिवहन नहीं करेंगे. यदि ऐसे किसी वाहन के द्वारा बच्चों का परिवहन किया जाता है व कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो समस्त उत्तरदायित्व विद्यालय प्रबंधन का होगा और उसके विरूद्ध आपराधिक मुकदमा पंजीकृत करा दिया जाएगा तथा विद्यालय की मान्यता प्रत्याहरण हेतु सम्बन्धित को संस्तुति कर दी जाएगी.