आगरालीक्स ….Agra News : आगा में टीबी मुक्त अभियान, 27 ग्राम पंचायतों में कोई भी टीबी मरीज नहीं। ( Agra News : 27 Gram Panchayat TB Free )
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि टीबी मुक्त पंचायत अभियान में ग्राम प्रधानों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे अपने क्षेत्र में टीबी के बारे में जागरूकता फैलाने में मदद कर सकते हैं और लोगों को इसके लक्षणों और उपचार के बारे में जानकारी दे सकते हैं।
इसके अलावा, ग्राम प्रधान टीबी मरीजों की देखभाल और समर्थन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान के सम्मान से अन्य जनप्रतिनिधि टीबी मुक्ति के अभियान में भागीदार बनेंगे। सम्मानित प्रधान दूसरे गांव के प्रधान से जब अपने अनुभव साझा करेंगे तो इसका लाभ पूरे राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम को मिलेगा। यदि आपको दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी आ रही है या बुखार की समस्या है, बलगम में खून आता है, भूख कम लगती और वजन तेजी से कम हो रहा है, रात में पसीना आता, गले में कोई गांठ (लिम्फनोड) है, महिलाओं में बांझपन की समस्या हैं तो यह टीबी के लक्षण हो सकते हैं। यह लक्षण होने पर नजदीकी टीबी यूनिट, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी जांच कराएं। जनपद में टीबी का जांच व उपचार की सुविधा उपलब्ध हैं।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री जी ने भारत को 2025 तक टीबी मुक्त करने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए जरूरी है कि प्रत्येक जिला टीबी मुक्त हो। इस दिशा में आगरा ने तेजी से प्रगति की है। वर्ष 2023 में जनपद के 14 ब्लॉकों की 27 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हो गई हैं। अब जिले के अन्य भागों में जिला क्षय रोग केंद्र की टीम काम कर रही हैं। डॉ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि अछनेरा ब्लॉक के ग्राम गोबरा, भडीरी, तिरीपूरी और बस्तई टीबी मुक्त हो चुके हैं। वहीं फतेहपुर सीकरी ब्लॉक के ग्राम सरसा, जगनेर ब्लॉक का ग्राम वाघोर, खेरागढ़ ब्लॉक के ग्राम विधौली, विश्रामपुर, गौरू टीबी मुक्त घोषित किए जा चुके हैं। सैंया ब्लॉक के ग्राम महेदेवा, खंदौली के बैलोठ, एत्मादपुर के विरूनी और सहफुद्दीनपुर, जैतपुर कलां के करनपुरा, गढ़ी बरौली, नाहटौली, महुआशाला, ब्लॉक बरौली अहीर के मियांपुर, अकोला के बसैया रामबल, अकवाई टीबी मुक्त हो गए हैं। वहीं, शमसाबाद ब्लॉक के लखुरानी, मुटनई, ब्लॉक पिनाहट के बसई भदौरिया, बघरैना, फतेहाबाद के बगेना और बाह ब्लॉक के क्वारी, रूदमुली और तरासो ग्राम को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है।