आगरालीक्स…आगरा में आज कोरोना के तीन पॉजिटिव मिले हैं. ठीक होने वालों की संख्या दोगुनी. सीएम योगी ने की कोरोना की समीक्षा. जानिए आज यूपी में कितने मिले कोरोना पॉजिटिव
आगरा में कोरोना का प्रभाव लगातार कम हो रहा है. नये मिलने वाले मरीजों की अपेक्षा ठीक होने वालों की संख्या अधिक है. यही कारण है कि कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है. शनिवार को प्रशासन ने इसका अपडेट जारी किया. इसके अनुसार आगरा में बीते 24 घंटे के अंदर कोरोना के 3 नये मरीज मिले, जबकि इस दौरान 6 मरीज ठीक हुए हैं. आगरा में अब केवल 21 कोरोना मरीज हैं.

सीएम योगी ने की समीक्षा
सीएम योगी ने कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की. मुख्यमंत्री ने कहा कि 18+ आयु के लोगों को बूस्टर डोज दिए जाने में तेजी की अपेक्षा है. बूस्टर डोज की महत्ता और बूस्टर टीकाकरण केंद्रों के बारे में जागरूक किया जाए. सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क लगाए जाने की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए. बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर हमें सतर्क रहना होगा.
इस दौरान सीएम योगी को अधिकारियों ने बताया कि 15-17 आयु वर्ग के 96% किशोरों और 12 से 14 आयु वर्ग के 80% से अधिक बच्चों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है. सीएम को अवगत कराया गया कि 32.31 करोड़ से अधिक कोविड टीकाकरण के साथ ही 18+ आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 91.22% से अधिक वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है. मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि प्रदेश में वर्तमान में कुल एक्टिव केस की संख्या 874 है. विगत 24 घंटों में 1.07 लाख से अधिक टेस्ट किए गए. जबकि इसी अवधि में 123 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई और 152 रोगी उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए.