आगरालीक्स…यमुना में नहाने गए दादा और सात साल का नाती डूबे. घाट पर शोर मचाती रह गई दादी…तलाश में गोताखोर. रात को किए थे संत प्रेमानंद के दर्शन…
शरद पूर्णिमा पर वृंदावन आए 55 वर्षीय व्यक्ति अपने सात साल के नाती के साथ यमुना नदी में डूब गए हैं. घाट पर मौजूद दादी शोर मचाती रह गई और पति और नाती को गहरे पानी में डूबती देखती रही. मौके पर मौजूद गोताखोरों ने छलांग लगाकर नदी में डूबे बाबा—नाती की तलाश की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला. आज दोपहर तक पुलिस नदी में इन दोनों की तलाश कर रही है.
दिल्ली के नजफगढ़ रोड स्थित कापसहेड़ा बीएसएफ कैंप के पास गौतम कॉलोनी में 55 वर्षीय महेंद्र त्रिपाठी रहते हैं. शुक्रवार रात को महेंद्र त्रिपाठी अपनी पत्नी शारदा देवी और नाती 7 साल के आशीष के साथ वृंदावन आए थे. रात को दो बजे इन्होंने संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन भी किए और आज सुबह चार बजे नहाने के लिए यमुना के विहार घाट पहुंच गए. बताया जाता है कि सुबह सात बजे इन्होंने पत्नी शारदा देवी से स्नान करने के लिए कपड़े बदलने को कहा आौर नाती आशीष को स्न्नान कराने के लिए यमुना में उतर गए. लेकिन थोड़ी देर में ही दोनों गहरे पानी में डूबने लगे. घाट पर खड़ी शारदा देवी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े. उन्होंने यमुना में छलांग लगाकर बाबा—नाती को बचाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली. आज दोपहर तक पुलिस और गोताखोर उनकी तलाश कर रहे हैं.