आगरालीक्स…आगरा में गर्मी से लोग बीमार हो रहे हैं. उल्टी, दस्त, सिर दर्द हो रहा है. आज एसएन और जिला अस्पताल में इतने मरीज पहुंचे कि संख्या जानकर चौंक जाएंगे.
आगरा में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. दिन में चल रही लू के कारण लोग बीमार हो रहे हैं. अधिकतर लोग उल्टी, दस्त और सिर में दर्द की शिकायत से परेशान हैं. तेज धूप से सिर में दर्द हो रहा है और चक्कर आ रहे हैं. इसका नजारा आज जिला अस्पताल और एसएन में देखने को मिला. दोनों ही अस्पतालों की ओपीडी में आज 6307 मरीज उपचार के लिए आए. इनमें से अधिकांश मरीज उल्टी—दस्त और लू लगने के थे.

डॉक्टरों का कहना है कि गर्मी और लू के कारण सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं. एसएन की ओपीडी में 2717 मरीज आए जिनमें अधिकांश उल्टी, दस्त, पेट में दर्द और फूड प्वाइजनिंग के थे. इन्होंने तेज धूप के कारण सिर में दर्द और चक्कर आने के बाद घबराहट होने की समस्या बताई. पानी की कमी के कारण 10 बीमार बच्चों को भर्ती भी करना पड़ा है. वहीं जिला अस्पताल में 3590 मरीज आज देखे गए. सुबह से ही मरीज यहां पहुंच गए थे.