आगरालीक्स…आगरा में आज लगी लोक अदालत में 6,76,335 वादों का हुआ निस्तारण. सबसे अधिक मामले यातायात चालान, ग्रीन गैस लिमिटेड, वैवाहिक प्रीलिटिगेशन, डीवीवीएनएल, टोरंट पावर, फाइनेंस कम्पनियों के…
आगरा में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया. इसका शुभारंभ जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक ने किया. इस अवसर पर शारिब अली, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, पुष्कर उपाध्याय, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, न्यायालय संख्या-प्रथम, अमरजीत, नोडल अधिकारी, न्यायालय संख्या-26, पंकज कुमार-प्रथम, सचिव, पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण, बैंक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी/प्रतिनिधि, वादकारीगण, पराविधिक स्वयंसेवक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे. जनपद न्यायालय आगरा द्वारा 04 वादों एवं अन्य समस्त अपर जनपद न्यायालयों द्वारा अन्य प्रकृति के 1,365 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें ₹4,42,35,000/- की धनराशि अधिरोपित की गई. परिवार न्यायालय एवं अतिरिक्त परिवार न्यायालयों द्वारा कुल 86 वादों का निस्तारण किया गया.
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामविलास द्वारा कुल 140 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें पीड़ित पक्षों को ₹30,10,95,000/- की प्रतिपूर्ति धनराशि प्रदान की गई. इसी क्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (रेलवे)/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/सिविल जज/अपर सिविल जज/न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अन्य न्यायालयों द्वारा कुल 13,222 वादों का निस्तारण किया गया. इसके अतिरिक्त जिला उपभोक्ता फोरम के न्यायालय संख्या-प्रथम व द्वितीय द्वारा कुल 37 वादों का निस्तारण किया गया तथा वर्चुअल न्यायालय द्वारा कुल 1,53,275 मोटर वाहन चालानों का निस्तारण किया गया.
जनपद न्यायालय के अतिरिक्त तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर भी समस्त पुलिस आयुक्त कार्यालय एवं यातायात चालान, ग्रीन गैस लिमिटेड, वैवाहिक प्रीलिटिगेशन, भारत दूरसंचार निगम लिमिटेड, टोरंट पावर लिमिटेड, समस्त खण्ड विकास कार्यालय एवं समस्त फाइनेंस कम्पनियों से संबंधित कुल 5,06,915 वादों का निस्तारण किया गया. राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंकों, जिनमें भारतीय स्टेट बैंक, यूको बैंक, ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, सिडिकेट बैंक एवं अन्य फाइनेंस कम्पनियां शामिल हैं, के कुल 1,341 प्री-लिटिगेशन वादों का निस्तारण सुलह-समझौते के माध्यम से किया गया, जिसमें ₹11,97,74,000/- की समझौता धनराशि सम्मिलित है.