आगरालीक्स …..आगरा में त्योहार पर खाने पर कंट्रोल नहीं रहेगा, रुटीन भी बदल जाएगा। इससे पेट संबंधी समस्याएं बढ़ेंगी। एसिडिटी की आम समस्या से लेकर पेट में अल्सर की समस्या बढ़ सकती है।
त्योहार का सीजन चल रहा है। इस समय लोग जमकर चिकनाई युक्त भोजन का इस्तेमाल कर रहे हैं। बाजारों में खरीदारी के लिए जा रहे लोग फास्ट फूड खूब खा रहे हैं। इससे पेट संबंधी समस्याएं बढ़ने लगी हैं। सबसे ज्यादा लोग एसिडिटी की समस्या से पीड़ित हैं, सुबह जगने के बाद ही आम भाषा में जिसे गैस कहते हैं उसकी समस्या हो रही है।

चिकनाई युक्त भोजन कम लें और नींद पूरी लें
विशेषज्ञों के अनुसार, जिन लोगों को एसिडिटी की समस्या है, वे चिकनाई युक्त भोजन का इस्तेमाल कम करें। इसके साथ ही नींद पूरी लें, पांच से सात घंटे तक नींद लें। पानी का सेवन अधिक से अधिक करें।
रात को सोने से दो घंटे पहले खाएं भोजन
एसिडिटी की समस्या का एक बड़ा कारण रात को खाना खाने के बाद बेड पर लेट जाना है, इससे खाना पच नहीं पाता है और कब्ज, एसिडिटी की समस्या होने लगती है। इससे बचने के लिए रात का खाना खाने के दो घंटे बाद सोएं। 30 मिनट तक टहलें।