आगरालीक्स…आगरा के इन बाजारों में पुलिस फोर्स के साथ निकली एसीपी. दुकानदारों को दी चेतावनी. दुकानदारों ने भी बताई ये समस्याएं
एसीपी कोतवाली डॉ सुकन्या शर्मा ने थाना कोतवाली व थाना एमएम गेट के बाजारों में से सड़कों पर रखे अवैध रूप से सामान को जब्त कर कार्यवाही की। थाना कोतवाली क्षेत्र के फुव्वारा, सेब का बाजार, फुलट्टी बाजार, गुड़ की मंडी, सिंधी बाजार आदि क्षेत्रों में एसीपी कोतवाली डॉ सुकन्या शर्मा के नेतृत्व में दुकानों के बाहर अवैध रूप से सड़कों पर रखे सामान को जब्त कर कार्यवाही की व दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा की यह अभियान निरंतर जारी रहेगा कोई भी दुकानदार अपने शटर से बाहर किसी तरह का अतिक्रमण नहीं करेगा।

एसीपी सुकन्या शर्मा ने थाना कोतवाली क्षेत्र के बाजारों में सबसे प्रमुख समस्या जाम को लेकर यह अभियान शुरू किया है। एसीपी सुकन्या शर्मा ने बाजार कमेटी के पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर बाजारों में दुकानदारों के आने वाले सामान को लेकर एक समय सीमा निर्धारित भी की है। बाजारों में दुकानदारों के ट्रांसपोर्ट से सामान लोडिंग ऑटो, लोडिंग रिक्शा, ई रिक्शा से आने का कोई समय निर्धारित ना होने की वजह से सेब का बाजार, फुलट्टी बाजार, हींग की मंडी, फुव्वारा, सिंधी बाजार, हॉस्पिटल रोड, किनारी बाजार में हर समय जाम लगा रहता है।

अब लोडिंग और अनलोडिंग का समय बाजार कमेटी के पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर रात्रि 9:30 बजे से सुबह 11 बजे तक का कर दिया है जिस से बाजारों में हर समय लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी बाजार में आने वाले ग्राहकों को सुकून से सामान खरीदने में आसानी होगी। शुक्रवार को चलाए गए अभियान में मुख्य रूप से एसीपी कोतवाली डॉ सुकन्या शर्मा, इंस्पेक्टर कोतवाली विजय चंदेल , इंस्पेक्टर एम एम गेट कुशलपाल सिंह, ट्रैफिक सपोर्ट टीम आदि शामिल रहे।