आगरालीक्स…आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर टहल रही थी हथिनी. वीडियो वायरल हुआ तो अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तंज कसा. अब पुलिस ने दी महावत को ये सजा…
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर तीन दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था. इसमें एक हथिनी आगरा एक्सप्रेस वे पर टहलती हुई नजर आ रही थी. यह हथिनी करीब चार किलोमीटर तक यहां टहलती रही, ऐसे में यहां से गुजर रहे लोगों ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आगरा एक्सप्रेस वे पर हथिनी के टहलते हुए का यह वीडियो शेयर कर योगी सरकार पर तंज कसा.
अखिलेश यादव ने कहा कि ये तो गनीमत है कि पाबंदी के बावजूद हाथी जी सपा के बनाए मजबूत ‘आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे’ पर विचरण कर रहे हैं, कहीं ग़लती से ये बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर चले गये होते तो गुणवत्ता का मारा वो बेचारा इनका वज़न सह नहीं पाता वो ख़ुद खंडित होता और ये चोटिल. इसके बाद उन्होंने एक्सप्रेस वे की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक्सप्रेस-वे सुरक्षा कहाँ है?
महावत पर हुई कार्रवाई
इस मामले में खबर हैंे कि इसके महावत को जेल भेज दिया गया है और इस हथिनी की जिम्मेदारी दूसरे महावत को सौंप दी गई है. हथिनी का नाम अनारकली बताया गया है. बताया गया है कि महावत रामकिशन हथिनी को लेकर आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पहुंचे थे तब तो एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रूक गए और ऐसे में हथिनी वहां से एक्सप्रेस वे पर निकल गई. हथिनी चार किलोमीट तक चलती रही. अधिकारियों को इस वीडियो की खबर लगी तो महावत से लाइसेंस मांगा गया. महावत ने लाइसेंस होने से मना कर दिया तो हथिनी को बिना परमीशन लखनऊ ले जाने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की.
मामला कोर्ट में पेश किया गया. महावत रामकिशन को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है तो वहीं हथिनी को उन्नाव के रहने वाले एक दूसरे महावत को सौंप दिया गया है. वो इसकी जानकारी करेंगे.